ना नीला ड्रम, ना सांप, इस बार कार से कुचल कर पति की जान लेने की कोशिश, प्रेमी ने भी दिया साथ, दोनों गिरफ्तार, वीडियो वायरल

Amanat Ansari 20 Apr 2025 01:43: PM 2 Mins
ना नीला ड्रम, ना सांप, इस बार कार से कुचल कर पति की जान लेने की कोशिश, प्रेमी ने भी दिया साथ, दोनों गिरफ्तार, वीडियो वायरल

नई दिल्ली: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला और उसके प्रेमी ने मिलकर उसके पति को कार से कुचलकर मारने की कोशिश की. यह घटना 21 मार्च को झांसी रोड पुलिस स्टेशन के इलाके में हुई. पहले इसे हिट-एंड-रन समझा गया, लेकिन सीसीटीवी फुटेज और पीड़ित के बयान से सनसनीखेज खुलासा हुआ कि यह हत्या की साजिश थी.

बयान और सीसीटीवी ने खोली सच्चाई

पीड़ित अनिल पाल, जो घर से स्टेशनरी की दुकान चलाते हैं, ने अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद अपनी पत्नी रजनी पाल और उसके प्रेमी मंगल सिंह कुशवाह के खिलाफ शिकायत दर्ज की. अनिल ने बताया कि दोनों ने मिलकर उनकी हत्या की साजिश रची. सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखा कि नीली मारुति सुजुकी ब्रेजा कार ने अनिल को टक्कर मारी और करीब 50 मीटर तक घसीटा, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं.

रजनी और मंगल का है पुराना रिश्ता

अनिल और रजनी की शादी 2016 में हुई थी और उनके तीन बच्चे हैं- दो बेटियां और एक बेटा. सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन रजनी बार-बार अपने मायके जाने लगी. अनिल को शक हुआ तो पता चला कि रजनी का अपने मायके के पड़ोसी मंगल सिंह कुशवाह के साथ पहले से प्रेम संबंध था, जो शादी से पहले शुरू हुआ था. फिर अनिल बार-बार पत्नी को टोकने लगा तो वह उसे रास्ते से हटाने की सोची.

कार से टक्कर मारकर हुए थे फरार

20 मार्च को रजनी ने पेट दर्द का बहाना बनाकर घर छोड़ा और कहा कि वह इलाज के लिए जा रही है. जब वह शाम 6 बजे तक नहीं लौटी, तो अनिल उन्हें ढूंढने निकले. बस स्टैंड पर अनिल ने रजनी को मंगल की नीली ब्रेजा कार से उतरते देखा. जब अनिल ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो दोनों ने कार से अनिल को टक्कर मार दी और घसीटते हुए भाग गए.

पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी

राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी और अनिल को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया. ठीक होने के बाद अनिल ने सीसीटीवी फुटेज के साथ पुलिस में शिकायत की. जांच के बाद पुलिस ने इसे हत्या का प्रयास माना. एक महीने की तलाश के बाद ग्वालियर पुलिस ने रजनी और मंगल सिंह को गिरफ्तार कर लिया. दोनों को कोर्ट में पेश किया गया और अब वे न्यायिक हिरासत में हैं.

Gwalior murder conspiracy wife lover arrested Anil Pal Rajni Pal Mangal Singh Kushwah

Recent News