Wife murdered husband: आगरा के पास एक शादीशुदा महिला, उसके प्रेमी और एक अन्य व्यक्ति को उसके पति की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया है. दिलचस्प बात यह है कि पुलिस ने जांच शुरू करने के मात्र 24 घंटे के अंदर ही केस सॉल्व कर लिया, जिसमें शराब की बोतल पर लगा QR कोड अहम क्लू साबित हुआ. पीड़ित की पहचान लोकेंद्र के रूप में हुई है. 1 अप्रैल को वह लापता हो गया था, जिसके बाद सड़क के किनारे उसका आधा जला हुआ शव मिला. पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी.
इसके बाद लोकेंद्र के भाई ने शिकायत दर्ज कराई, जिसमें आरोप लगाया गया कि हत्या उनकी भाभी (लोकेंद्र की पत्नी) और महेश की साजिश का नतीजा है.
पुलिस ने तुरंत पांच टीमों का गठन कर केस सॉल्व करने के लिए काम शुरू किया. जांच के दौरान पुलिस को शव बरामदगी वाली जगह पर एक खाली शराब की बोतल मिली. जांचकर्ताओं ने बोतल पर लगे QR कोड की मदद से उस शराब की दुकान का पता लगाया, जहां से बोतल खरीदी गई थी.
इसके बाद उन्होंने उस दुकान के CCTV फुटेज को अच्छी तरह से देखा. सुरक्षा कैमरे की वीडियो में लोकेंद्र को महेश और धरमवीर के साथ दुकान पर आते हुए देखा गया. पुलिस ने इन दोनों को तुरंत हिरासत में ले लिया. पूछताछ के दौरान महेश ने कबूल किया कि लोकेंद्र को उसके और लोकेंद्र की पत्नी के बीच चल रहे अवैध संबंध का पता चल गया था. लोकेंद्र ने इस रिश्ते पर आपत्ति जताई और इसे अपने परिवार व पड़ोसियों को बता दिया था.
इसके बावजूद महेश और महिला चुपके-चुपके मिलते रहे. पुलिस के अनुसार, तब लोकेंद्र की पत्नी ने फैसला कर लिया कि उसे मार डाला जाए. महेश ने अपने दोस्त धरमवीर को इस साजिश में शामिल किया. दोनों ने लोकेंद्र को शराब पीने के बहाने लुभाया.
वे तीनों एक खाली खेत में गए, जहां उन्होंने साथ में शराब पी. थोड़ी देर बाद महेश और धरमवीर ने लोकेंद्र को गला घोंटकर मार डाला और सबूत मिटाने के लिए उसके शव को आग के हवाले कर दिया. पुलिस ने बताया कि लोकेंद्र के शरीर पर बने टैटू की मदद से ही शव की पहचान हो पाई.