बरेली : बरेली में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. शहर के एक महिला जिम के अंदर संचालक भाइयों की कथित करतूत का खुलासा होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. आरोप है कि जिम संचालक अकरम बेग और आलम बेग महिलाओं को फिटनेस और वजन घटाने के नाम पर अपने जाल में फंसाते थे.
जानकारी के मुताबिक, दोनों भाई जिम आने वाली महिलाओं को प्री-वर्कआउट ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाते थे, इसके बाद जब महिलाएं अर्धबेहोशी या बेहोशी की हालत में पहुंच जाती थीं, तब उनके साथ शारीरिक शोषण किया जाता था. इतना ही नहीं, आरोप है कि आरोपी महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो भी रिकॉर्ड करते थे. बताया जा रहा है कि बाद में इन्हीं वीडियो के जरिए महिलाओं को ब्लैकमेल किया जाता था. खासतौर पर संपन्न और रईस परिवारों की महिलाओं को निशाना बनाया जाता था, ताकि उनसे बड़ी रकम वसूली जा सके.
एक पीड़ित महिला ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने पहले उससे 10 लाख रुपये और बाद में 50 लाख रुपये की मांग की थी. मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित महिला ने एसएसपी बरेली के सीक्रेट नंबर पर शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने गोपनीय जांच शुरू की. जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने अकरम बेग और आलम बेग, दोनों सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस छापेमारी के दौरान जिम परिसर से बड़ी मात्रा में नशीली दवाइयां और आपत्तिजनक सामग्री बरामद होने की बात सामने आई है. वहीं, आरोपियों के मोबाइल फोन से कई महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो भी मिले हैं, जिसकी जांच जारी है. इस पूरे मामले के सामने आने के बाद कई परिवारों में तनाव की स्थिति बन गई है. बताया जा रहा है कि कुछ पीड़ित महिलाओं के वैवाहिक जीवन पर भी इसका असर पड़ा है. फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. यह मामला थाना कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइंस इलाके का बताया जा रहा है.