Punjab Blast: पंजाब में मंगलवार रात दो अलग-अलग जगहों पर विस्फोट की घटनाओं ने पूरे राज्य में हड़कंप मचा दिया है. जालंधर और अमृतसर में हुई इन घटनाओं के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं. दोनों मामलों की जांच अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) करेगी. मंगलवार शाम करीब 8 बजे जालंधर में बीएसएफ पंजाब फ्रंटियर मुख्यालय के पास एक स्कूटर में आग लग गई.
इलाके में जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई. CCTV फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति को पॉलीथिन में लिपटी कोई वस्तु रखकर जाते देखा गया, जिसके कुछ ही देर बाद ब्लास्ट हुआ. पुलिस ने बताया कि स्कूटर 22 वर्षीय गुरप्रीत सिंह का है.
उन्होंने प्राथमिक जांच में कहा कि स्कूटर में अचानक आग लग गई. हालांकि, ग्रेनेड हमले की आशंका भी जताई जा रही है. इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ. इलाके को घेर लिया गया है और जांच चल रही है.
अमृतसर घटना
जालंधर वाले विस्फोट के कुछ घंटे बाद अमृतसर (ग्रामीण) के खासा इलाके में सेना छावनी के पास रात करीब 11 बजे एक और विस्फोट हुआ. पुलिस के अनुसार, एक व्यक्ति ने चारदीवारी की तरफ कुछ फेंका, जिससे तेज धमाका हुआ. इस घटना में भी किसी के घायल होने की खबर नहीं है.
NIA जांच में शामिल
दोनों धमाकों की जांच अब NIA को सौंपी गई है. एजेंसी की टीमें जालंधर और अमृतसर पहुंच रही हैं. NIA अधिकारी मौके पर फॉरेंसिक सबूत जुटाएंगे और पंजाब पुलिस के साथ मिलकर मामले की गहन छानबीन करेंगे. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि दोनों घटनाओं की गहराई से जांच की जा रही है. फिलहाल किसी संगठन या व्यक्ति ने इन घटनाओं की जिम्मेदारी नहीं ली है.
राज्य में इन घटनाओं के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. मुख्यमंत्री भगवंत मान के जालंधर दौरे के कार्यक्रम को भी ध्यान में रखते हुए अलर्ट बढ़ा दिया गया है. विपक्षी दलों ने घटना को लेकर आप सरकार पर सवाल उठाए हैं. अभी तक दोनों मामलों में किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन जांच एजेंसियां आतंकी एंगल से भी मामले की पड़ताल कर रही हैं.