नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक पति-पत्नी के बीच हुआ झगड़ा हिंसक घटना में बदल गया. वेव सिटी थाना क्षेत्र के सेक्टर-1, ओकवुड एन्कलेव में रहने वाले दंपति के बीच हुई कहासुनी ने गंभीर मोड़ ले लिया. आरोप है कि गुस्से में आकर पत्नी ने गैस पर चढ़ी खौलती चाय पति के चेहरे पर उड़ेल दी, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया. इस हमले में पति के चेहरे, सिर और बाएं हाथ को गंभीर चोटें आईं.
पीड़ित ने यह भी दावा किया कि पत्नी पहले भी उनके साथ हिंसक व्यवहार कर चुकी है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पीड़ित सौरभ सिंह ने बताया कि 24 अगस्त की सुबह उनकी पत्नी अंकिता सिंह के साथ किसी बात पर तीखी नोकझोंक हुई. बात इतनी बढ़ गई कि पत्नी ने गुस्से में सस्पेन में रखी खौलती चाय उनके चेहरे पर फेंक दी. इससे सौरभ का चेहरा, सिर और बायां हाथ बुरी तरह जल गया.
उन्हें चेहरे पर सूजन और नाक से खून बहने की शिकायत हुई. सौरभ ने आगे आरोप लगाया कि घटना के बाद पत्नी ने घर से करीब 1 लाख 44 हजार रुपए नकद और अपना सामान लेकर चली गई. उन्होंने कहा कि पत्नी पहले भी उन पर हमला कर चुकी है और झूठे केस में फंसाने की धमकी देती रही है. सौरभ ने स्पष्ट किया कि अब वह पत्नी के साथ कोई रिश्ता नहीं रखना चाहते.
वेव सिटी थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 131, 118(1) और 351(2) के तहत केस दर्ज किया है. जांच की जिम्मेदारी सब-इंस्पेक्टर सीमा कुमारी को दी गई है. थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस मामले ने पूरे इलाके के लोगों को स्तब्ध कर दिया है.