अहमदाबाद: गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता शंकरसिंह वाघेला के करीब नौ साल बाद कांग्रेस में लौटने की अटकलें तेज हो गई हैं. गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा ने पुष्टि की है कि वाघेला की पार्टी में वापसी को लेकर कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व के साथ बातचीत चल रही है. हालांकि, अंतिम फैसला कांग्रेस हाईकमान की मंजूरी के बाद ही होगा.
अमित चावड़ा ने क्या कहा?
अमित चावड़ा के मुताबिक, वाघेला और उनसे जुड़े लोगों के साथ बातचीत जारी है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस हाईकमान से मंजूरी मिलने के बाद ही वाघेला की औपचारिक वापसी की तारीख तय होगी. पार्टी के भीतर उनकी वापसी को लेकर तैयारियां चल रही हैं. वहीं, वाघेला ने भी कांग्रेस नेताओं के साथ बातचीत की पुष्टि की है. रिपोर्टों के अनुसार उन्होंने कहा है कि वह कांग्रेस में लौटने के लिए तैयार हैं, लेकिन उनकी वापसी से पहले राहुल गांधी से मुलाकात महत्वपूर्ण होगी.
2017 में छोड़ी थी कांग्रेस
शंकरसिंह वाघेला ने 2017 में कांग्रेस से अलग होने के बाद जन विकल्प मोर्चा बनाया था. इसके बाद उन्होंने एनसीपी में भी भूमिका निभाई और बाद में अपनी राजनीतिक पार्टी प्रजा शक्ति डेमोक्रेटिक पार्टी बनाई. 2024 में इस पार्टी की घोषणा के बाद उन्होंने गुजरात की राजनीति में फिर सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही थी.
वाघेला इससे पहले गुजरात के मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं. उन्होंने 1996 में कांग्रेस के समर्थन से मुख्यमंत्री पद संभाला था. बाद में उनकी पार्टी का कांग्रेस में विलय हुआ और वह कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में शामिल रहे. केंद्र में वह यूपीए सरकार के दौरान कपड़ा मंत्री भी रहे.
गांधीनगर चुनाव से पहले बढ़ी हलचल
वाघेला की संभावित वापसी ऐसे समय में चर्चा में है, जब गुजरात कांग्रेस गांधीनगर नगर निगम चुनाव और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी है. कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, हाईकमान की मंजूरी मिलने के बाद वाघेला की वापसी की औपचारिक घोषणा की जा सकती है. फिलहाल वाघेला की कांग्रेस में वापसी पर अंतिम मुहर नहीं लगी है. केंद्रीय नेतृत्व की मंजूरी और राहुल गांधी के साथ प्रस्तावित मुलाकात के बाद तस्वीर साफ होने की उम्मीद है.