Zohran Mamdani: न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी एक बार फिर विवादों में हैं. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत के 29 अगस्त को मैडिसन स्क्वायर गार्डन (MSG) में होने वाले कार्यक्रम पर उन्होंने आपत्ति जताई है. ममदानी ने कहा कि वे इस रैली का समर्थन नहीं करते, लेकिन यह निजी कार्यक्रम है और नगर प्रशासन के पास इसे रद्द करने का अधिकार है या नहीं, यह उन्हें नहीं पता.
हालांकि उनके इस रुख पर सवाल उठने लगे हैं. आलोचक बता रहे हैं कि ममदानी खुद 14 अगस्त को पाकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस से जुड़े कार्यक्रम में शामिल हुए थे. उन्होंने अलामा इकबाल कम्युनिटी सेंटर में पाकिस्तानी समुदाय के इवेंट में शिरकत की और भाषण भी दिया.
थिंक टैंक की पूर्व सदस्य आमना बेगम अंसारी ने कहा कि ममदानी भागवत की रैली का विरोध कर रहे हैं, जबकि कुछ दिन पहले ही वे उस कार्यक्रम में आराम से गए जो उस विचारक के नाम पर है जिसने मुसलमानों के लिए अलग देश की मांग की थी. उन्होंने सवाल किया कि अगर धार्मिक राष्ट्रवाद समस्या है तो क्या एक जैसा मापदंड हर जगह लागू नहीं होना चाहिए?
सोशल मीडिया पर भी आलोचना हो रही है. कई यूजर्स ने याद दिलाया कि ममदानी पहले टाइम्स स्क्वायर में खालिस्तानी समर्थक भीड़ में भी शामिल रहे थे. अमेरिकी सिंगर मैरी मिलबेन ने लिखा कि ममदानी और उनके साथी मोदी और बीजेपी विरोध के कारण भागवत के कार्यक्रम का विरोध कर रहे हैं. यह विवाद भागवत के न्यूयॉर्क कार्यक्रम को लेकर भारतीय प्रवासी समुदाय में भी चर्चा का विषय बना हुआ है.