नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल फ्लोरिस्ट इन में लगी आग की घटना में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 50 लोग घायल हुए हैं. घायलों में बचाव कार्य में लगे 10 जवान भी शामिल हैं. एम्स ट्रॉमा सेंटर में कुल 13 घायलों को भर्ती कराया गया है. इनमें से 10 दिल्ली पुलिस के रेस्क्यू कर्मी हैं. तीन लोग ऊंचाई से कूदने या गिरने के कारण घायल हुए. अस्पताल में तीन शव भी लाए गए हैं. सभी घायलों का इलाज जारी है.
मैक्स अस्पताल साकेत की रिपोर्ट
साकेत के मैक्स अस्पताल में 39 लोगों को लाया गया था. इनमें से 18 लोगों को मृत अवस्था में पहुंचाया गया. अस्पताल में 15 मरीज अभी भी आईसीयू में भर्ती हैं, जिनमें से 8 वेंटिलेटर पर हैं और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है. पांच मरीजों को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि एक गंभीर रूप से जलने वाले मरीज को सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया.
मरीजों को मुख्य रूप से धुएं से दम घुटने, जलने और हड्डी टूटने जैसी चोटें आई हैं. मृतकों में भारतीय नागरिकों के साथ-साथ विदेशी भी शामिल हैं. इस बड़ी घटना को देखते हुए मैक्स अस्पताल ने मास कैजुअल्टी इमरजेंसी प्रोटोकॉल लागू कर दिया है. डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की टीमें लगातार मरीजों की देखभाल में जुटी हुई हैं. घटना की जांच जारी है और बचाव कार्य अभी भी चल रहा है.