नेपाल बाढ़ में 105 भारतीय लापता: PM मोदी ने बालेन शाह को किया फोन, अमित शाह की बिहार CM से हुई बात

Amanat Ansari 26 Aug 2026 06:01 PM 1 Mins
नेपाल बाढ़ में 105 भारतीय लापता: PM मोदी ने बालेन शाह को किया फोन, अमित शाह की बिहार CM से हुई बात

नई दिल्ली: नेपाल के रसुवा जिले में बुधवार को अचानक आई विनाशकारी बाढ़ के बाद करीब 400 लोग लापता बताए जा रहे हैं, जिनमें कम से कम 105 भारतीय शामिल हैं. इस भीषण आपदा में अब तक कम से कम आठ लोगों की मौत हो चुकी है. इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह को फोन कर शोक व्यक्त किया और हर संभव मानवीय व राहत सहायता देने का आश्वासन दिया.

पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, “प्रधानमंत्री बालेन शाह से बात की और नेपाल में बाढ़ से हुई जान-माल की हानि पर संवेदना व्यक्त की. इस मुश्किल समय में भारत के लोग नेपाल में अपने भाई-बहनों के साथ एकजुटता से खड़े हैं. भारत नेपाल को हर संभव मानवीय सहायता देने के लिए तैयार है. हमारी टीमें बचाव और राहत कार्यों के लिए मिलकर काम कर रही हैं.”

तिब्बत से लगे रसुवा जिले में सुबह करीब नौ बजे भोटे कोशी नदी में अचानक बाढ़ आई. इससे नदी किनारे बसे इलाकों में भारी तबाही हुई और कम से कम एक दर्जन जलविद्युत परियोजनाएं क्षतिग्रस्त हो गईं. बाढ़ से रसुवा और धादिंग जिलों के अलावा नुवाकोट जिला भी प्रभावित हुआ.

नेपाल पर्यटन बोर्ड के अनुसार, रसुवा बाढ़ में कुल 384 यात्री लापता हैं. इनमें 291 विदेशी नागरिक और 93 नेपाली नागरिक शामिल हैं. लापता लोगों में 105 भारतीय, 37 अप्रवासी भारतीय (एनआरआई) के अलावा अमेरिका, मलेशिया, ब्रिटेन, दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और नीदरलैंड के पर्यटक भी हैं.

नेपाल पर्यटन बोर्ड ने मदद के लिए टोल-फ्री आपातकालीन नंबर 1234, हॉटलाइन 1144 और पर्यटक पुलिस का नंबर जारी किया है. भारत और नेपाल की टीमें बचाव व राहत कार्यों में जुटी हुई हैं. इस बीच गृहमंत्री अमित शाह की फोन पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से बात हुई है.

Nepal Flood Nepal News Nepal Crisis PM Modi

Recent News