रायपुर: सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) को छत्तीसगढ़ में बड़ा झटका लगा है. राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में बीजेपी के 111 पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया. इस घटना ने पार्टी के अंदरूनी असंतोष को खुलकर सामने ला दिया है और सियासी घमासान तेज हो गया है.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने इस घटना पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी के अंदर अब इस्तीफों का सिलसिला शुरू हो चुका है. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि महंगाई, महंगी बिजली, यूरिया-खाद की किल्लत, बदहाल सड़कें, गरीबों पर बुलडोजर, भ्रष्टाचार और युवाओं में बढ़ता आक्रोश, ये सब बीजेपी के भीतर पनप रहे गुस्से के कारण हैं.
बैज ने दावा किया कि इतनी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं का एक साथ इस्तीफा देना सामान्य घटना नहीं है, बल्कि यह साफ संकेत है कि पार्टी में कार्यकर्ताओं की कोई सुनवाई नहीं हो रही है. डोंगरगढ़ में हुई इस सामूहिक बगावत के बाद स्थानीय स्तर पर सियासी हलचल तेज हो गई है.
हालांकि, बीजेपी की ओर से अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है. जानकारों का मानना है कि यह घटना आने वाले समय में छत्तीसगढ़ की राजनीति को और गर्मा सकती है.