नई दिल्ली: हरियाणा के नूंह जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ उसके गांव के ही तीन युवकों ने कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म किया. आरोपियों ने पीड़िता को पहले से ब्लैकमेल कर रखा था और पुराने आपत्तिजनक वीडियो के आधार पर धमकियां देकर नियंत्रण में रखा हुआ था.
पीड़िता के पिता की शिकायत के अनुसार, आरोपी कई महीनों से उनकी बेटी को एक मोबाइल फोन देकर लगातार संपर्क में रहने के लिए दबाव डाल रहे थे. वे पुरानी रिकॉर्डिंग दिखाकर बदनामी की धमकी देते थे, जिससे लड़की चुप रहने पर मजबूर थी. परिवार को भी प्रताड़ित किया जा रहा था.
हालिया घटना में, शुक्रवार की रात को एक आरोपी ने परिवार की इज्जत खराब करने की धमकी देकर लड़की को बाहर बुलाया. इसके बाद तीनों उसे गांव से दूर खेतों में एक ट्यूबवेल के पास ले गए, जहां बारी-बारी से दुष्कर्म किया और पूरी रात बंधक बनाकर रखा. घटना का वीडियो बनाकर फिर से ब्लैकमेल करने की धमकी दी.
लड़की देर रात घर नहीं लौटी तो परिजनों ने पूरी रात तलाश की, लेकिन पता नहीं चला. अगले दिन सुबह करीब 11 बजे वह किसी तरह घर पहुंची और पूरी घटना परिवार को बताई. शिकायत मिलने पर सदर तौरू पुलिस थाने में तीनों आरोपियों के खिलाफ POCSO एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं.