Tilak Nagar Model Murder: दिल्ली के तिलक नगर इलाके के न्यू महावीर नगर में बुधवार को एक बेहद खौफनाक हत्याकांड सामने आया है. 21 वर्षीय मुस्कान, जो स्टूडेंट होने के साथ पार्ट-टाइम मॉडलिंग भी करती थीं, को उनके किराए के घर में अकेले में चाकू घोंपकर मार डाला गया. परिवार के अनुसार, मुस्कान घर में अकेली थीं जब आरोपी ने घर में घुसकर उन पर चाकू से कई वार किए. उन्हें कई जगह गहरे घाव आए. घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
परिवार का आरोप जिम ट्रेनर पर
मुस्कान के भाई आकाश ने पुलिस को बताया कि हत्या उनके जिम ट्रेनर इमरान ने की है. मुस्कान उसी जिम में वर्कआउट करने जाती थीं जहां इमरान ट्रेनर के रूप में काम करता था. परिवार का आरोप है कि इमरान ने ही उनकी बहन पर चाकू से हमला किया.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इमरान फिलहाल फरार है. उसकी तलाश के लिए कई पुलिस टीमें इलाके में और बाहर सक्रिय हैं. मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है.
मामले में आगे की कार्रवाई
पुलिस ने मौके से सबूत जुटाए हैं और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है. मुस्कान के परिचितों और जिम से जुड़े लोगों से पूछताछ जारी है. परिवार सदमे में है और न्याय की मांग कर रहा है. यह घटना दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर रही है. पुलिस आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी हुई है.