लखनऊ: उत्तर प्रदेश एटीएस ने एक बार फिर पाकिस्तानी गैंगस्टरों और आईएसआई के नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है. बुधवार को एसटीएफ के साथ संयुक्त कार्रवाई में चार और संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया गया.
ये आरोपी पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के लिए काम कर रहे थे. गिरफ्तार आरोपी की पहचान महकाब (22 वर्ष, सहारनपुर), शाहरुख (20 वर्ष, सहारनपुर), गगनदीप उर्फ गुरी सिंह (25 वर्ष, मुजफ्फरनगर), मुशर्रफ (22 वर्ष, हरिद्वार) के रूप में हुई है. एटीएस ने इससे पहले भी शहजाद भट्टी और आबिद जट्ट से जुड़े चार आतंकियों को पकड़ा था. यह चौथा ग्रुप है जिसे नेत्रल किया गया.
क्या-क्या खुलासे हुए
एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश के अनुसार, पाकिस्तानी गैंगस्टर आईएसआई के इशारे पर भारतीय युवाओं को आर्थिक लालच देकर स्लीपर सेल बना रहे थे. सोशल मीडिया के जरिए सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और आतंकी गतिविधियों की साजिश रची जा रही थी. एटीएस ने पूरे प्रदेश में करीब 200 संदिग्धों की जांच की है और आगे की छानबीन जारी है. आरोपी अब पुलिस कस्टडी में पूछताछ के लिए भेजे गए हैं.