Su-30MKI: गुरुवार शाम को असम में एक सुखोई Su-30MKI फाइटर जेट लापता हो गया. यह फाइटर जेट असम के जोरहाट से उड़ा था और शाम 7:42 बजे के बाद रडार संपर्क खो गया. भारतीय वायुसेना (IAF) ने खोज और बचाव अभियान शुरू कर दिया है और विमान का पता लगाने की कोशिश कर रही है.
भारतीय वायुसेना ने X पर अपडेट साझा करते हुए लिखा, "IAF का एक Su-30 MKI overdue बताया गया है. यह विमान असम के जोरहाट से उड़ा था और अंतिम संपर्क 7:42 pm पर था. आगे की जानकारी जुटाई जा रही है. खोज और बचाव मिशन शुरू कर दिया गया है."
2000 के शुरुआती दशक में वायुसेना में शामिल किए गए सुखोई Su-30 MKI विमान को सबसे सक्षम फ्रंटलाइन कॉम्बैट विमानों में से एक माना जाता है. यह दो इंजन वाला, मल्टीरोल फाइटर जेट रूस में विकसित किया गया है और इसमें भारतीय, फ्रांसीसी तथा इजरायली एवियोनिक्स और हथियार प्रणालियां शामिल हैं. विमान में थ्रस्ट-वेक्टरिंग इंजन और उन्नत फ्लाइट कंट्रोल सिस्टम हैं, जो इसे जटिल हवाई करतब करने की क्षमता देते हैं.
नई दिल्ली के अनुरोध पर मॉस्को ने 140 Su-30 फाइटर विमानों के निर्माण की शुरुआत 2000 में की थी. पहला विमान 2002 में वायुसेना में शामिल किया गया था, और तब से इसकी संख्या लगातार बढ़ती गई है. आज Su-30 वायुसेना में सबसे बड़ी संख्या वाला विमान है.