सावन में मटन की जिद पड़ी भारी: पुणे में पिता ने बेटे को पीट-पीटकर मार डाला, मां भी गिरफ्तार

Amanat Ansari 28 Aug 2026 05:20 PM 1 Mins
सावन में मटन की जिद पड़ी भारी: पुणे में पिता ने बेटे को पीट-पीटकर मार डाला, मां भी गिरफ्तार

पुणे: महाराष्ट्र के पुणे के वारजे-मालवाड़ी इलाके से एक बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है. श्रावण महीने में मटन बनाने को लेकर हुए विवाद में 30 वर्षीय महेश भगवान गायकवाड़ की मौत हो गई. आरोप है कि उनके पिता ने ही उन्हें पीट-पीटकर मार डाला. पुलिस ने हत्या के आरोप में 64 वर्षीय पिता भगवान सूर्यभान गायकवाड़ और सबूत मिटाने के आरोप में 60 वर्षीय मां पार्वती भगवान गायकवाड़ को गिरफ्तार कर लिया है.

घटना 25 अगस्त की रात की है. पुलिस जांच के अनुसार, महेश शराब का आदी था और कोई काम नहीं करता था. उसकी पत्नी दो बच्चों के साथ अलग हो गई थी और हाल ही में तलाक भी हो चुका था. वह अक्सर पास में रहने वाले माता-पिता के घर खाना खाने आता था. उस रात भी वह नशे में घर पहुंचा और मटन करी बनाने की जिद करने लगा.

श्रावण का महीना होने के कारण परिवार नॉन-वेज नहीं बना रहा था. माता-पिता के मना करने पर बहस शुरू हो गई, जो हाथापाई में बदल गई. आरोप है कि पिता ने महेश के चेहरे और सिर पर बार-बार वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई.

मां पार्वती पर आरोप है कि उन्होंने घटनास्थल पर लगे खून के निशान साफ कर दिए और बड़े बेटे को गलत जानकारी दी. महेश का बड़ा भाई (पेशे से पेंटर) पुलिस के पास पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई. इसके आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार किया गया. वारजे-मालवाड़ी पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.

Pune Murder Case Warje Malwadi Murder Shravan Mutton Dispute Pune Crime

Recent News