कोलकाता: पश्चिम बंगाल के फाल्टा विधानसभा सीट पर उपचुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी जहांगीर खान को कलकत्ता हाई कोर्ट से बड़ी राहत मिली है. कोर्ट ने उन्हें उपचुनाव पूरा होने तक अंतरिम सुरक्षा प्रदान कर दी है.
कलकत्ता हाई कोर्ट की न्यायाधीश जस्टिस सुगता भट्टाचार्य ने जहांगीर की याचिका पर सुनवाई करते हुए आदेश दिया कि 24 मई को होने वाले उपचुनाव तक उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी. पुलिस को भी निर्देश दिया गया है कि इस दौरान जहांगीर को गिरफ्तार न किया जाए.
मामला क्या है?
जहांगीर के खिलाफ मई महीने में कई FIR दर्ज हुई हैं, जिनमें वोटरों को धमकाने, चुनावी हिंसा और धांधली के आरोप लगे हैं. टीएमसी नेता जहांगीर इन सभी आरोपों को झूठा बताते हैं और दावा करते हैं कि भाजपा शासन में उन्हें निशाना बनाया जा रहा है.
हाल ही में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने जहांगीर को पुष्पा कहकर तंज कसा था, जिसके बाद यह मामला और सुर्खियों में आ गया था. जहांगीर अभिषेक बनर्जी के करीबी माने जाते हैं और दक्षिण 24 परगना में TMC का मजबूत चेहरा हैं.
हाई कोर्ट ने पुलिस को यह भी आदेश दिया है कि 7 दिनों के अंदर जहांगीर को उनके खिलाफ दर्ज सभी FIR की कॉपी उपलब्ध कराई जाए. मामले की अगली सुनवाई 26 मई को होगी. यह राहत TMC प्रत्याशी जहांगीर को उपचुनाव लड़ने में काफी मददगार साबित हो सकती है.