पाकिस्तान के परमाणु बम को लेकर फारूक अब्दुल्ला के विवादित बयान के बाद अब कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने भी कुछ वैसा ही बयान देकर विवाद खड़ा कर दिया है. इस बार मणिशंकर अय्यर ने कहा कि पाकिस्तान एक संप्रभु देश है और उनके पास परमाणु बम भी है, इसलिए हमें उन्हें सम्मान देना चाहिए.
पाक से बात करने की वकालत की
दरअसल मणिशंकर अय्यर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने पाकिस्तान के साथ बातचीत करने का समर्थन किया है. इस दौरान अय्यर ने कहा कि पाकिस्तान एक संप्रभु देश है और उनकी भी इज्जत है, उस इज्जत को कायम रखते हुए आप उनसे जो भी बात करना चाहते हैं करें, लेकिन बात तो करें.
'अमृतसर पहुंच जाएगा रेडिएशन'
मणिशंकर अय्यर ने कहा कि बंदूक लेकर आप घूम रहे हैं और उससे तनाव बढ़ रहा है. अय्यर ने कहा कि अगर वहां कोई पागल सत्ता पर काबिज हो जाए तो क्या होगा, उनके पास परमाणु बम है. हमारे पास भी है, लेकिन अगर लाहौर स्टेशन पर बम फूटा तो सिर्फ 8 सेकेंड में बम का रेडिएशन अमृतसर पहुंच जाएगा.
'बम है इसलिए सम्मान दें'
अय्यर ने कहा कि हमें कोशिश करनी चाहिए कि बातचीत करके बमों का इस्तेमाल रोका जाए. अगर आपने उनसे बात करने की कोशिश की और उन्हें इज्जत दी, तभी वे अपने बम के बारे में नहीं सोचेंगे. भारत को अगर विश्वगुरु बनना है तो ये दिखाना जरूरी है कि हम पाकिस्तान के साथ अपने मुद्दे सुलझाने के लिए मेहनत कर रहे हैं.
बता दें कि इससे पहले भी मणिशंकर अय्यर पाकिस्तान के पक्ष में बयान दे चुके हैं. बीते दिनों मणिशंकर अय्यर लाहौर के फैज महोत्सव में शामिल होने पाकिस्तान गए थे. इस दौरान उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान के लोग प्यार मिलने पर प्यार बरसाते हैं.
फारूक अब्दुल्ला ने भी की थी टिप्पणी
वहीं केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की पीओके को लेकर टिप्पणी पर जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता फारूक अब्दुल्ला ने कहा था कि पाकिस्तान ने चूड़ियां नहीं पहन रखी हैं और उसके पास भी परमाणु बम हैं जो हम पर गिरेंगे. उन्होंने कहा था कि अगर रक्षा मंत्री ऐसा कह रहे हैं तो ऐसा कीजिए. हम रोकने वाले कौन होते हैं? लेकिन याद रखें कि पाकिस्तान ने चूड़ियां नहीं पहनी हैं. उनके पास परमाणु बम है.