पश्चिमी सिंहभूम: एक ट्रैक्टर ड्राइवर की सूझबूझ और सतर्कता ने झारखंड के मनोहरपुर थाना क्षेत्र में एक बड़े हादसे को टाल दिया. मंगलवार सुबह खेत की जुताई के दौरान जमीन के अंदर से संदिग्ध विस्फोटक (संभावित अनएक्सप्लोडेड ऑर्डनेंस) बरामद हुआ, जिससे पूरे गांव में हड़कंप मच गया.
घटना सोनपोखरी गांव की है. विजय हेंब्रम के खेत में सुबह करीब 9 बजे ट्रैक्टर चालक शिवचरण महतो जुताई कर रहे थे. अचानक ट्रैक्टर किसी भारी धातु की वस्तु से टकराया. संदेह होने पर शिवचरण महतो ने तुरंत ट्रैक्टर रोक दिया और खेत की जांच शुरू की.
जांच में मिट्टी के अंदर करीब दो फीट लंबी, जंग लगी और लगभग 30 किलो वजनी धातु की वस्तु मिली. इसकी बनावट देखकर चालक को शक हुआ कि यह कोई पुराना बम, मोर्टार शेल या विस्फोटक हो सकता है. उन्होंने तुरंत खेत मालिक और ग्रामीणों को सूचना दी. ग्रामीणों की भीड़ जुट गई, लेकिन किसी ने वस्तु को छूने की हिम्मत नहीं की.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
सूचना मिलते ही मनोहरपुर के डीएसपी डेविड ए. डोडरे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया और लोगों को संदिग्ध वस्तु से दूर रहने की अपील की. बम निरोधक दस्ते (बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वॉड) की टीम को भी बुलाया गया है. वस्तु की विस्तृत जांच और फॉरेंसिक परीक्षण के बाद ही इसकी असली पहचान हो सकेगी.
स्थानीय लोगों का कहना है कि वस्तु काफी पुरानी लग रही है. यदि जुताई के दौरान यह फट जाती तो बड़ा विस्फोट हो सकता था, जिससे जान-माल का भारी नुकसान होता. ट्रैक्टर ड्राइवर शिवचरण महतो की तत्परता की सराहना हो रही है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह विस्फोटक क्षेत्र में कैसे आया.