न वो मोदी है, न योगी है, फिर भी एक आवाज पर लाखों की भीड़ बुला देता है

Global Bharat 17 Apr 2024 05:02: PM 4 Mins
न वो मोदी है, न योगी है, फिर भी एक आवाज पर लाखों की भीड़ बुला देता है

जिस निर्दलीय उम्मीदवार के बारे में आज हम आपको बताने जा रहे है. इनकी लोकप्रियता ऐसी है कि अच्छे-अच्छे लोग सकते में आ जाते हैं. इनके आगे खड़े होने की हिम्मत हर कोई नहीं करता है. जब ये बोलना शुरू करते हैं तो लोग घंटों बैठकर इन्हें सुनते हैं. लाखों की संख्या में दूर-दूर से लोग इन्हें सुनने आते हैं. सस्पेंस खत्म करते हैं और अब आपको इस नौजवान का नाम बताते हैं. जो मोदी के मंत्री के खिलाफ निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर ताल ठोक रहे हैं. इस निर्दलीय उम्मीदवार का नाम है रविंद्र सिंह भाटी.

राजस्थान की राजनीति में इस समय 26 साल के युवा नेता रविंद्र सिंह भाटी की खूब चर्चा हो रही है. यह युवा पाकिस्तान की सीमा से सटे राजस्थान के बाड़मेर जिले की शिव विधानसभा सीट से वर्तमान में निर्दलीय विधायक है और अब इन्होने बाड़मेर संसदीय सीट से  लोकसभा चुनाव के लिए निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपने नामांकन दाखिल कर दिया है. बाड़मेर लोकसभा सीट पर चुनावी ताल ठोककर रविंद्र सिंह भाटी ने मोदी सरकार के मंत्री कैलाश चौधरी को सीधे तौर पर चुनौती दे दी है. नामांकन के दौरान भाटी को सुनने और देखने के लिए लोगों का जनसैलाब सड़कों पर उतर गया. जब रविंद्र सिंह भाटी के नामांकन के दौरान उमड़ी भीड़ की तस्वीरें और वीडियो सामने आए तो यह युवा नेता इस लोकसभा चुनाव के सबसे चर्चित उम्मीदवारों में से एक बना गया. अब हर कोई जानना चाहता है कि आखिर इस 26 साल के युवा में ऐसी क्या खास बात है, जो इसे जनता का इतना समर्थन मिल रहा? 

ABVP ने नहीं दिया टिकट तो निर्दलीय जीता चुनाव 

रविंद्र भाटी जो आज मोदी के ही मंत्री को चुनौती दे रहे हैं आपको जानकार हैरानी होगी इन्होने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता के रूप में छात्र ही राजनीति में कदम रखा. इसके बाद साल 2019 में रविंद्र सिंह भाटी ने छात्रसंघ अध्यक्ष पद के लिए एबीवीपी से टिकट की दावेदारी पेश की. बीवीपी ने भाटी को टिकट न देकर किसी और को अपना प्रत्याशी घोषित किया. इससे नाराज भाटी ने निर्दलीय ताल ठोक दी और चुनाव जीत गए.

आगे बढ़कर छात्र आंदोलन का नेतृत्व किया

भाटी यूनिवर्सिटी के 57 साल के इतिहास में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में छात्रसंघ अध्यक्ष पद का चुनाव जीतने वाले पहले छात्र नेता बने. इसके बाद भाटी ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा. कोरोना काल के दौरान चाहे छात्रों की फीस माफी का मुद्दा हो या गहलोत सरकार के कार्यकाल में कॉलेज की जमीन का मुद्दा, भाटी ने छात्र आंदोलन का आगे बढ़कर नेतृत्व किया. छात्र हितों के लिए वह कई बार जेल भी गए. यहां तक कि छात्रों की मांगों को लेकर विधानसभा का घेराव किया. अपनी इसी जुझारू छवि के कारण रविंद्र सिंह ​भाटी छात्रों और युवा वर्ग के चहेते बन गए.

दोस्त को जितवाया छात्रसंघ चुनाव

रविंद्र सिंह भाटी तब और चर्चा में आ गए, जब उन्होंने 2022 में अपने दोस्त अरविंद सिंह भाटी को जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष का चुनाव जितवाया. एनएसयूआई ने अरविंद को टिकट नहीं दिया तो, वह SFI से चुनाव लड़े. रविंद्र भाटी ने अपने दोस्त ​अरविंद के चुनाव प्रचार का जिम्मा खुद अपने कंधों पर उठाया, और अध्यक्ष पद के लिए हुए इलेक्शन में जीत भी दिलाई. उसी दिन से राजस्थान में इस युवा की चर्चा और ज्यादा तेज हो गई.

इसके बाद रविंद्र सिंह भाटी राज्य की राजनीति में उतरे. उन्होंने बीजेपी जॉइन की और 2023 के राजस्थान विधानसभा चुनाव में शिव सीट से टिकट की मांग की लेकिन इस बार बीजेपी ने भी उन्हें टिकट नहीं दिया। इससे नाराज भाटी ने बीजेपी से बगावत कर शिव विधानसभा से निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया. विधानसभा चुनाव में भाटी के सामने शिव सीट पर सबसे बड़ी चुनौती कांग्रेस के पूर्व मंत्री अमीन खान थे. जो इस सीट से 10वीं बार ताल ठोक रहे थे. रविंद्र सिंह भाटी ने इन सभी चुनौतियों को पार किया और 4000 वोटों के अंतर से शिव विधानसभा सीट से जीत दर्ज की. हद तो तब हो गई जब भाटी ने बीजेपी उम्मीदवार स्वरूप सिंह खारा की जमानत ही जब्त करवा दी.

बाड़मेर से निर्दलीय लड़ेंगे चुनाव 

भाजपा इस बार राजस्थान में क्लीन स्वीप का टारगेट लेकर चल रही थी. लेकिन 4 अप्रैल को जब रविंद्र सिंह भाटी ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में बाड़मेर सीट से अपना नामांकन दाखिल किया और उनकी रैली में जनसैलाब उमड़ा तो बीजेपी की टेंशन बढ़ गई. भाटी की उम्मीदवारी से बाड़मेर सीट पर अगर किसी को सीधे नुकसान पहुंचता दिख रहा तो वह बीजेपी प्रत्याशी कैलाश चौधरी हैं. चूंकि रविंद्र सिंह एबीवीपी के सदस्य रहे हैं और खुद को वैचारिक रूप से बीजेपी के करीब पाते हैं, इसलिए उनके समर्थक भी बीजेपी के कार्यकर्ता और वोटर ही हैं. ऐसे में भाटी इस सीट पर भाजपा का ही वोट काटते दिख रहे हैं.

ऐसा नहीं है कि रविंद्र सिंह भाटी का जलवा सिर्फ पश्चिमी राजस्थान तक सीमित है. वह बाड़मेर-जैसलमेर और बालोतरा के प्रवासियों से मिलने और वोट मांगने के लिए गुजरात, महाराष्ट्र, बंगलुरु और हैदराबाद के अलग-अलग इलाकों में पहुंच रहे हैं.भाटी जहां भी जा रहे हैं, उन्हें जनसमर्थन हासिल हो रहा है.अन्य राज्यों में रविंद्र सिंह भाटी की सभाओं में उमड़ते प्रवासियों को देखकर राजनीति के बड़े-बड़े सूरमा भी हैरान हैं. भाटी की लोकप्रियता का अंदाजा इससे  लगाइए कि एक हफ्ते में इंस्टाग्राम पर उनके 7 लाख फॉलोवर्स बढ़ गए हैं. सोशल मीडिया पर रविंद्र सिंह भाटी के वीडियो खूब वायरल हो रहे हैं, जिन्हें लाखों की तादाद में लोग लाइक और शेयर कर रहे हैं.

Rajasthan Barmer BJP Ravindra singh Bhati

Recent News