पटना में 13 वर्षीय लड़की के साथ घर में घुसकर गैंगरेप, घटना के समय अकेली थी पीड़िता

Amanat Ansari 30 Apr 2025 12:11: PM 1 Mins
पटना में 13 वर्षीय लड़की के साथ घर में घुसकर गैंगरेप, घटना के समय अकेली थी पीड़िता

नई दिल्ली: पटना के दुल्हिन बाजार थाना क्षेत्र के एक गांव में 13 साल की एक नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है. यह घटना तब हुई जब पीड़िता की मां घर से बाहर गई थीं. पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बॉबी कुमार और रविरंजन के रूप में हुई है. पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए पटना मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल (पीएमसीएच) भेजा है.

पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, यह घटना 28 अप्रैल 2025 को हुई. पीड़िता की मां ने बताया कि वह उस दिन घर से बाहर गई थीं. इसी दौरान आरोपी बॉबी कुमार और रविरंजन ने घर में घुसकर नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया. पीड़िता ने डर के कारण तुरंत इसकी जानकारी किसी को नहीं दी, लेकिन उसी दिन उसने अपनी मां को इस दर्दनाक घटना के बारे में बताया. मां ने तुरंत इसकी शिकायत दुल्हिन बाजार थाने में दर्ज कराई.

शिकायत दर्ज कराने के बाद स्थिति और तनावपूर्ण हो गई. पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि जब उन्होंने इस घटना की शिकायत की, तो आरोपियों के परिजनों ने उनके साथ गाली-गलौज की और मारपीट की कोशिश की. इस बावजूद, पीड़िता के परिवार ने हिम्मत नहीं हारी और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई. दुल्हिन बाजार थाने के थानाध्यक्ष भृगनाथ सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की. उन्होंने महिला की शिकायत पर प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए पीएमसीएच भेजा, जहां उसकी स्थिति की जांच की जा रही है. मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. थानाध्यक्ष भृगनाथ सिंह ने बताया कि मामले की जांच चल रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जा रही है ताकि उन्हें किसी भी तरह का खतरा न हो.

Patna gang rape Patna news Patna crime Bihar crime Dulhin Bazar

Recent News