नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) ने रविवार को औपचारिक रूप से उद्योगपति और ट्राइडेंट ग्रुप के चेयरमैन राजेंद्र गुप्ता को पंजाब में राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया. ये सीट संजीव अरोड़ा के इस्तीफे से खाली हुई थी. संजीव अरोड़ा ने लुधियाना वेस्ट से विधानसभा उपचुनाव लड़ा और जीता, फिर पंजाब सरकार में मंत्री बने. राजेंद्र गुप्ता आज बाद में पंजाब विधानसभा में नामांकन भरने वाले हैं.
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान उनके साथ मौजूद रहेंगे. पार्टी ने अपनी आधिकारिक घोषणा में कहा, "आम आदमी पार्टी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमिटी (PAC) श्री राजेंद्र गुप्ता को पंजाब विधानसभा के चुने हुए सदस्यों द्वारा राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार नामित करती है."
इससे पहले, ओस्वाल ग्रुप के कमल ओस्वाल को इस सीट का मजबूत दावेदार माना जा रहा था, लेकिन सूत्रों के अनुसार, अंतिम हफ्तों में विचार-विमर्श के दौरान गुप्ता का नाम सामने आया. पंजाब राज्यसभा उपचुनाव का नामांकन प्रक्रिया 6 अक्टूबर से शुरू होगी. एकमात्र सीट के लिए वोटिंग 24 अक्टूबर को होगी.
AAP के पास 117 सदस्यों वाली राज्य विधानसभा में भारी बहुमत है, इसलिए राजेंद्र गुप्ता को ऊपरी सदन में सीट मिलने की पूरी संभावना है. राजेंद्र गुप्ता ने राज्य आर्थिक नीति एवं योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष और काली देवी मंदिर सलाहकार समिति के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था, जिससे उनकी AAP उम्मीदवारी की अटकलें तेज हो गईं.
ट्राइडेंट ग्रुप के चेयरमैन इमेरिटस राजेंद्र गुप्ता पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके हैं. उद्योग में उनके योगदान को कई पुरस्कार मिले हैं, जिसमें 2007 में व्यापार और उद्योग में सेवा के लिए पद्म श्री सम्मान शामिल है.