हरियाणा में गठबंधन की चर्चाओं के बीच कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं AAP के बड़े नेता!

Global Bharat 06 Sep 2024 12:16: PM 1 Mins
हरियाणा में गठबंधन की चर्चाओं के बीच कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं AAP के बड़े नेता!

हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन की चर्चाओं के बीच दिल्ली से आम आदमी पार्टी (AAP) के लिए बुरी खबर सामने आ रही है. जानकारी मिली है कि AAP के बड़े नेता कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं. सूत्रों ने दावा किया है कि AAP विधायक और पूर्व मंत्री राजेंद्र पाल गौतम कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं. राजेंद्र पाल वही नेता है, जिन्होंने 2022 में हिन्दू के देवी-देवताओं को लेकर विवावदित बयान दिया था, जिसके बाद उन्होंने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था.

चर्चा है कि आज कई नेता दिल्ली पार्टी मुख्यालय में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं, इनमें राजेंद्र पाल गौतम का नाम भी शामिल है. साथ ही आज पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया भी आधिकारिक रूप से कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं. ऐसी चर्चा है कि पार्टी हरियाणा विधानसभा चुनाव में विनेश फोगाट को टिकट दे सकती है और बजरंग पुनिया फोगाट के लिए प्रचार-प्रसार कर सकते हैं.

इसी बीच जानकारी मिली है कि आज हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस अलाकमान की बैठक होगी, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कई बड़े नेता शामिल हो सकते हैं. बैठक में समाजवादी पार्टी और AAP के बीच गठबंधन को लेकर निर्णय लिया जाएगा. साथ ही सीटों को लेकर भी चर्चा की जाएगी. दावा किया जा रहा है कि AAP लोकसभा चुनाव की तरह इंडिया गठबंधन के फॉर्मुले पर ही सीटों की मांग की है.

सूत्रों ने जानकारी दी है कि हरियाणा चुनाव में AAP ने कांग्रेस 10 सीटों की मांग की है, लेकिन कांग्रेस 5 से 7 सीटें ही देना चाहती है. साथ ही सपा भी 5 सीट मांगी है. हालांकि कांग्रेस प्रदेश कमेटी ने किसी भी पार्टी से गठबंधन को लेकर इनकार किया है. वहीं अगर बैठक में इस बात पर चर्चा हो जाती है, तो गठबंधन के निर्णय पर पार्टी आगे बढ़ सकती है.

Recent News