17 महीनों बाद जेल से घर वापसी करेंगे मनीष सिसोदिया, संजय सिंह ने कहा- सत्य की जीत

Global Bharat 09 Aug 2024 01:33: PM 2 Mins
17 महीनों बाद जेल से घर वापसी करेंगे मनीष सिसोदिया, संजय सिंह ने कहा- सत्य की जीत

सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली एक्साइज पॉलिसी मामले से जुड़े सीबीआई, ईडी दोनों मामलों में मनीष सिसोदिया को जमानत दे दी. सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि सिसोदिया को 17 महीने की लंबी कैद का सामना करना पड़ा है और मुकदमा भी शुरू नहीं हुआ है. मनीष सिसोदिया की जमानत पर AAP सांसद संजय सिंह ने कहा, यह सत्य की जीत है. मनीष सिसोदिया को जमानत दिए जाने पर खुशी जताते हुए आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने इसे सत्य की जीत और पार्टी के लिए बड़ी राहत बताया.

यह भी पढ़ें- Delhi Excise Policy: सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहकर AAP नेता मनीष सिसोदिया को दी जमानत...

संजय सिंह ने कहा कि जैसा कि मैंने पहले भी कहा है, इस मामले में कोई सच्चाई/सबूत नहीं है. हमारे नेताओं को जबरन जेल में डाला गया. मनीष सिसोदिया को 17 महीने तक जेल में रखा गया... मैं सुप्रीम कोर्ट का शुक्रिया अदा करता हूं कि हमें न्याय मिला और फैसला आप के पक्ष में आया है और हर कार्यकर्ता उत्साहित है. मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि अरविंद केजरीवाल और सत्येंद्र जैन भी जल्द ही जेल से बाहर आएं. यह केंद्र सरकार की तानाशाही पर तमाचा है.

उन्होंने कहा कि यह आम आदमी पार्टी और दिल्ली की जनता के लिए बहुत बड़ी राहत है. अब अरविंद केजरीवाल और सत्येंद्र जैन के लिए न्याय का रास्ता जल्द ही खुलेगा. क्या देश के प्रधानमंत्री मनीष सिसोदिया के बर्बाद हुए 17 महीनों का हिसाब देंगे? मनीष सिसोदिया के घर से एक रुपया भी बरामद नहीं हुआ...यह आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए बहुत बड़ी राहत है और सब कुछ ठीक हो जाएगा और जल्द ही हमारे दो अन्य नेता भी बाहर आ जाएंगे.

मनीष सिसोदिया का प्रतिनिधित्व कर रहे वकील ऋषिकेश कुमार ने कहा कि कोर्ट ने कहा है कि अगर आपके पास सबूत हैं तो छेड़छाड़ का कोई मामला नहीं बनता. अगर आपने उन्हें इतने लंबे समय तक जेल में रखा है तो यह जमानत के सिद्धांतों के खिलाफ है. चाहे ईडी का मामला हो या धारा 45 का, जमानत का मुख्य नियम वहां लागू होता है और यह ध्यान में रखते हुए कि मनीष सिसोदिया पहले ही 17 महीने जेल में रह चुके हैं, सुप्रीम कोर्ट ने ईडी की सभी दलीलों को खारिज कर दिया और उन्हें जमानत दे दी.

कोर्ट ने यह भी कहा है कि ईडी ने कोर्ट में जो बयान दिया है कि ट्रायल 6-8 महीने में खत्म हो जाएगा, ऐसा नहीं लगता. इस बीच, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने मनीष सिसोदिया को बधाई देते हुए कहा कि बहुत बधाई. कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने कहा कि मनीष सिसोदिया की रिहाई से पता चलता है कि कानूनी व्यवस्था ने उन्हें न्याय देने में बहुत समय लिया है. मणिकम टैगोर ने कहा कि हम सभी जानते हैं कि भाजपा लंबे समय से ईडी का दुरुपयोग कर रही है. वे विपक्ष को चुप कराने के लिए इसे राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं. 

Recent News