पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अब सत्ता संभालने के बाद सक्रिय मोड में दिख रहे हैं. बिहार पुलिस में बड़े स्तर पर तबादले किए गए हैं, जिसमें 16 आईपीएस अधिकारियों की पोस्टिंग बदली गई है. खास बात यह है कि चर्चित अधिकारी विकास वैभव को मगध रेंज का नया आईजी बनाया गया है.

मंत्रियों के शपथ ग्रहण और विभागों के बंटवारे के बाद सम्राट चौधरी ने अपनी प्राथमिकताएं साफ कर दी थीं. उन्होंने मंत्रियों को प्रशासनिक सुधार और जवाबदेही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था. मंत्रियों ने भी भरोसा दिलाया कि वे अपने विभागों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेंगे.
सीएम ने अधिकारियों को सख्त संदेश दिया है कि भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए. साथ ही सभी परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करना और 'सात निश्चय' कार्यक्रमों को तेज गति देने पर जोर दिया गया है.
विपक्ष लगातार बढ़ते अपराध, बलात्कार और हिंसा की घटनाओं को लेकर हमलावर रहा है. ऐसे में सम्राट चौधरी के लिए नौकरशाही को चुस्त-दुरुस्त रखना, भ्रष्टाचार और गुटबाजी जैसी समस्याओं के बावजूद कार्यकुशलता बनाए रखना बेहद महत्वपूर्ण है.
राजनीतिक विश्लेषक सम्राट चौधरी की कार्यशैली की तुलना पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से करने लगे हैं. अपराध पर सख्ती और सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखते हुए 'विकसित बिहार' का लक्ष्य हासिल करना उनकी सरकार की बड़ी चुनौती है.