Siwan Encounter: बिहार के सिवान जिले में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है. कुख्यात अपराधी सोनू यादव को मुठभेड़ में मार गिराया गया. सोनू पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित था और वह कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित था. हाल ही में BJP नेता एवं पूर्व एमएलसी मनोज सिंह के भांजे हर्ष सिंह की हत्या के मामले में सोनू यादव का नाम सामने आया था.
इस वारदात में हर्ष सिंह को गोली मारकर मार दिया गया था, जबकि उनके बहनोई गंभीर रूप से घायल हो गए थे. इस घटना के बाद पुलिस पर अपराधी को पकड़ने का काफी दबाव था. पुलिस को विश्वसनीय सूत्रों से जानकारी मिली कि सोनू यादव अपने साथियों के साथ बड़हरिया क्षेत्र में छिपा हुआ है.
इस सूचना पर पुलिस टीम ने इलाके को घेर लिया. जब पुलिस ने दबिश दी तो अपराधियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से सोनू यादव मौके पर ही मारा गया. मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने एक अन्य आरोपी सुनील यादव को गिरफ्तार कर लिया. साथ ही एक कार भी बरामद की गई है.
बता दें कि दो दिन पहले ही इसी गैंग का एक और सदस्य पुलिस एनकाउंटर में मारा गया था. फिलहाल पुलिस इस पूरे गैंग के बचे सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है. इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है. पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा.