कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की करारी हार के बाद जादवपुर की सांसद सायोनी घोष ने सोशल मीडिया पर जीत का नया मंत्र बताया है. सायोनी घोष ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि जीत हासिल करने के लिए सिर्फ जीत की इच्छा काफी नहीं है. इसके लिए लगातार मेहनत, कमियों पर विजय पाना और दूसरों को पीछे छोड़ते हुए आगे बढ़ते रहना जरूरी है.
चुनाव प्रचार के दौरान सायोनी घोष अपने अनोखे अंदाज के लिए चर्चा में रहीं. उन्होंने मंच से मां काली की भक्ति के साथ-साथ "मेरे दिल में काबा, आंखों में मदीना" वाला गाना गाकर सुर्खियां बटोरी थीं. BJP नेता उमा भारती समेत कई विपक्षी नेताओं ने दावा किया कि उनका यह तुष्टीकरण वाला प्रचार शैली टीएमसी को भारी पड़ी.
सायोनी घोष का राजनीतिक सफर
बंगाली फिल्म अभिनेत्री से राजनीति में आई सायोनी घोष 2021 में टीएमसी में शामिल हुईं. आसनसोल से विधानसभा चुनाव हारने के बाद 2024 में जादवपुर लोकसभा सीट से जीत हासिल की. संसद में भी उनका आक्रामक और अलग अंदाज चर्चा में रहता है. इस बार बंगाल में टीएमसी की बड़ी हार के बाद कई विपक्षी नेता सायोनी घोष के प्रचार को भी पार्टी की हार की एक वजह बता रहे हैं.