गुवाहाटी: असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा से जुड़े विवादित मामले में अब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला पर शिकंजा कस गया है. असम पुलिस की क्राइम ब्रांच ने सुरजेवाला को 23 मई को गुवाहाटी में पेश होने का समन जारी किया है. यह समन कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा से हुई लगभग 8 घंटे की पूछताछ के बाद जारी किया गया है.
क्या है पूरा मामला?
सूत्रों के अनुसार, खेड़ा से प्राप्त बयानों के आधार पर ही जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है. विवाद की शुरुआत तब हुई जब पवन खेड़ा ने हिमंत विश्व शर्मा की पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा सरमा के पासपोर्ट और नागरिकता को लेकर कथित विवादास्पद टिप्पणियां की थीं. इन बयानों के खिलाफ असम में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके बाद क्राइम ब्रांच ने केस दर्ज किया. पवन खेड़ा को पहले गुवाहाटी बुलाकर पूछताछ की गई थी.अब इसी जांच के सिलसिले में रणदीप सुरजेवाला को तलब किया गया है.
सियासी तनाव बढ़ा
इस घटनाक्रम से असम में बीजेपी और कांग्रेस के बीच तनातनी और बढ़ गई है. कांग्रेस इसे राजनीतिक प्रतिशोध बता रही है, जबकि बीजेपी का कहना है कि यह कानूनी प्रक्रिया है और कोई भी व्यक्ति जवाबदेही से ऊपर नहीं है. मामला अब राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है. 23 मई को सुरजेवाला की पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं.