चुनाव में करारी हार के बाद लालू की बेटी रोहिणी ने पार्टी और परिवार छोड़ने का किया ऐलान

Amanat Ansari 15 Nov 2025 05:16: PM 1 Mins
चुनाव में करारी हार के बाद लालू की बेटी रोहिणी ने पार्टी और परिवार छोड़ने का किया ऐलान

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के परिणाम शुक्रवार को आए थे. इसमें महागठबंधन को भारी हार झेलनी पड़ी. राजद सिर्फ 25 सीटें ही जीत सकी. चुनावी हार का दर्द लालू परिवार अभी संभाल भी नहीं पाया था कि 24 घंटे बाद एक और झटका लगा. लालू की बेटी रोहिणी आचार्य ने राजनीति से सन्यास लेने का ऐलान कर दिया. साथ ही उन्होंने परिवार से भी दूरी बना ली.

रोहिणी ने कहा कि यह फैसला संजय यादव और रमीज के दबाव में लिया गया, लेकिन सारी जिम्मेदारी वे खुद ले रही हैं. उनके इस कदम से लालू परिवार और राजद में खासी खलबली मच गई है. रोहिणी और संजय यादव के बीच काफी वक्त से अनबन चल रही थी. यह बिहार अधिकार यात्रा के समय भी नजर आया था. यात्रा में बस की आगे की सीट पर संजय को देख एक शख्स ने सोशल मीडिया पर ऐतराज जताया था, जिसकी पोस्ट रोहिणी ने साझा की थी.

अब लालू परिवार में खुलकर विवाद सामने आ गया है. चुनाव से पहले राजद प्रमुख ने बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को पार्टी व परिवार से बाहर का रास्ता दिखा दिया था. वजह थी तेज प्रताप की सोशल मीडिया पर अनुष्का के साथ रिश्ते वाली पोस्ट.

पार्टी से निकाले जाने के बाद तेज प्रताप ने ‘टीम तेज प्रताप यादव’ के नाम से नया राजनीतिक प्लेटफॉर्म शुरू किया. उन्होंने जनशक्ति जनता दल नाम की पार्टी बनाई. इस पार्टी ने विधानसभा चुनाव लड़ा, लेकिन एक भी सीट नहीं जीती. यहां तक कि तेजस्वी यादव के खिलाफ भी अपना उम्मीदवार खड़ा किया था.

Lalu Yadav Rohini Acharya Rohini quit Politics RJD

Recent News