आगरा : उत्तर प्रदेश के आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर 5 अगस्त को लाल रंग के ट्रॉली बैग में महिला के 18 टुकड़े मिलने के मामले में पुलिस ने जांच आगे बढ़ाते हुए सनसनीखेज खुलासा किया है. मृतका की पहचान ओडिशा की 38 वर्षीय हयातुन निशा के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, महिला की हत्या चेन्नई में की गई थी और उसके शव को टुकड़ों में काटकर आगरा लाया गया.
जांच में सामने आया कि शव से बदबू न आए, इसके लिए आरोपियों ने उस पर मैदा और सब्जी लगाई और उसे प्रेशर कुकर में उबालने की कोशिश की। इसके बाद शव के कई टुकड़ों को ट्रॉली बैग में पैक किया गया और तमिलनाडु एक्सप्रेस की जनरल बोगी में रख दिया गया.
मामले की जांच में आगरा और चेन्नई पुलिस ने करीब 19 दिनों तक कड़ी मेहनत की. इस दौरान करीब 350 CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए। चेन्नई रेलवे स्टेशन के CCTV फुटेज में एक युवक और युवती ट्रॉली बैग के साथ नजर आए. इसी सुराग के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में जुटी.
सोमवार, 24 अगस्त को पुलिस जांच करते हुए चेन्नई के गुडुवांचेरी पहुंची, जहां हयातुन निशा रहती थी. पुलिस को एक कमरे में रखे बर्तन के अंदर महिला का कटा हुआ सिर बरामद हुआ। इससे जांच को अहम दिशा मिली.
पुलिस अब महिला के साथ रहने वाले असम निवासी माणिकउद्दीन लश्कर और चेन्नई की भगवती माझी की तलाश कर रही है. प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे अवैध संबंधों का विवाद होने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस दोनों संदिग्धों की तलाश के साथ हत्या की पूरी वजह और घटना में उनकी भूमिका की जांच कर रही है.