बहराइच : उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं. इसी क्रम में एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने बहराइच पहुंचकर चुनावी बिगुल फूंक दिया. मटेरा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने पार्टी के उम्मीदवार की घोषणा की और प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली को मटेरा सीट से चुनाव मैदान में उतारने का ऐलान किया.
सभा के दौरान ओवैसी ने प्रदेश सरकार और कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में एनकाउंटर के नाम पर मासूम लोगों को परेशान किया जाता है और निष्पक्ष जांच की आवश्यकता है. उन्होंने दावा किया कि राज्य देश के बीफ निर्यात में 40 से 60 प्रतिशत तक योगदान देता है, इसलिए इस मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए. ओवैसी ने धार्मिक और सामाजिक मुद्दों पर भी अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि आई लव मोहम्मद जैसे पोस्टर हटवाने से लोगों के दिलों में मौजूद मोहब्बत कम नहीं होगी. उनके इस बयान पर सभा में मौजूद समर्थकों ने जोरदार समर्थन जताया.
सपा विधायक मारिया शाह पर निशाना साधते हुए ओवैसी ने उन्हें आरामदायक नेता बताया और कहा कि जनता के मुद्दों को लेकर जमीन पर संघर्ष करने की जरूरत है. उन्होंने दावा किया कि एआईएमआईएम प्रदेश में एक मजबूत राजनीतिक विकल्प बनकर उभरेगी. अपने संबोधन के अंत में ओवैसी ने नारा-ए-तकबीर, अल्लाह हू अकबर का नारा लगवाया, जिसके साथ सभा का समापन हुआ. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे.