अखिलेश यादव की बेटी पर आपत्तिजनक पोस्ट से सपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश, एफआईआर की मांग

Global Bharat 11 Jun 2026 08:30: PM 1 Mins
अखिलेश यादव की बेटी पर आपत्तिजनक पोस्ट से सपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश, एफआईआर की मांग

मीरजापुर : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कथित आपत्तिजनक पोस्ट के विरोध में सपा कार्यकर्ताओं ने शहर कोतवाली पहुंचकर विरोध दर्ज कराया. पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मामले में तहरीर देकर संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने तथा कड़ी कार्रवाई की मांग की.

सपा जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि फेसबुक और एक्स जैसे सोशल मीडिया मंचों पर अदिति यादव के संबंध में भ्रामक, आपत्तिजनक और मानहानिकारक सामग्री साझा की गई है. उनका कहना है कि इस प्रकार की पोस्ट न केवल एक व्यक्ति की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास है, बल्कि राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित दुष्प्रचार का भी हिस्सा प्रतीत होती है.

जिलाध्यक्ष ने कहा कि सोशल मीडिया की आड़ में किसी भी व्यक्ति, विशेषकर महिलाओं के खिलाफ अभद्र और तथ्यहीन टिप्पणियां करना स्वीकार्य नहीं है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि पोस्ट करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए.

सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होगी. उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी के परिवार को निशाना बनाना स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत है. इस दौरान बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग दोहराई. पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच का आश्वासन दिया है.

Aditi Yadav Controversy Akhilesh Yadav Daughter News SP Workers Protest Mirzapur Objectionable Social Media Post FIR Demand Against Viral Post

Description of the author

Recent News