नई दिल्ली: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बुधवार 24 जून के लिए कई राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का पूर्वानुमान जारी किया है. दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की सक्रियता के चलते पूर्वी, मध्य और उत्तरी भारत के कुछ हिस्सों में मौसम खराब रहने वाला है. पूर्वोत्तर भारत के राज्यों असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के साथ-साथ उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश की संभावना है.
बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के मैदानी इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका जताई गई है. इन इलाकों में कहीं-कहीं जलभराव की स्थिति भी बन सकती है. महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, गुजरात और गोवा में भी बारिश का दौर जारी रहेगा. खासकर गोवा, दक्षिण गुजरात और मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा हो सकती है.
दिल्ली-NCR और उत्तर प्रदेश का हाल
दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को बादल छाए रहेंगे. कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. मंगलवार को हुई बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी, जिससे लोगों को कुछ राहत मिली. उत्तर प्रदेश में पूर्वी हिस्सों में गर्मी और उमस बनी रहेगी, जबकि पश्चिमी UP और तराई क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश संभव है.
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे बारिश और आंधी के दौरान अनावश्यक घर से बाहर न निकलें. खासकर किसानों, दोपहिया वाहन चालकों और खुले में काम करने वालों को सतर्क रहने की जरूरत है. पुराने पेड़ों, कमजोर दीवारों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें. IMD लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है. किसी भी तरह के आपातकालीन स्थिति में स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें. अधिक जानकारी के लिए: IMD की आधिकारिक वेबसाइट या ऐप देखें.