Aligarh News : अलीगढ़ में महिलाओं को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले दो बदमाश पुलिस एनकाउंटर में ढेर हो गए. रविवार देर शाम मढौली गांव के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दोनों अपराधी मारे गए, जबकि दो पुलिसकर्मी घायल हो गए. पुलिस के मुताबिक, मारे गए बदमाशों की पहचान हापुड़ निवासी रजा मोहम्मद और बुलंदशहर निवासी मोमीन के रूप में हुई है. रजा मोहम्मद पर करीब 40 मुकदमे दर्ज थे, जबकि मोमीन पर 27 केस दर्ज बताए गए हैं. दोनों पर महिलाओं से कुंडल, पाजेब और जेवर लूटने के कई आरोप थे.
बताया गया कि 17 मई से दोनों बदमाश लगातार ग्रामीण इलाकों में महिलाओं को निशाना बना रहे थे. मडराक थाना क्षेत्र के भकरोला गांव में खेतों में काम कर रही महिलाओं को तमंचा दिखाकर उनके जेवर लूट लिए गए थे. इसके बाद पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई थी. रविवार दोपहर भी अतरौली क्षेत्र में एक महिला से कुंडल लूटने की घटना सामने आई. सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी. खैर थाना क्षेत्र में बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की, जिसके बाद कई थानों की टीमों ने कॉम्बिंग अभियान चलाया. देर शाम मढौली गांव के पास पुलिस ने दोनों को घेर लिया. पुलिस के अनुसार, सरेंडर करने की चेतावनी देने पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं. जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई.
एसएसपी नीरज सिंह जादौन ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.