नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष और भाजपा नेता अपर्णा यादव शुक्रवार को हरिद्वार में गंगा स्नान के लिए पहुंचीं. बसंत पंचमी के अवसर पर वे यूपी सिंचाई विभाग के वीआईपी घाट पर स्नान करने आई थीं. इस दौरान मीडिया कर्मियों की मौजूदगी से वे काफी नाराज हो गईं.
जब पत्रकारों ने उनसे पति प्रतीक यादव के साथ चल रहे तलाक विवाद पर सवाल किए, तो अपर्णा का गुस्सा फूट पड़ा. उन्होंने सुरक्षा कर्मियों की तरफ इशारा करते हुए कहा कि इन लोगों ने नहाते समय उनका वीडियो बनाया है. उन्होंने सुरक्षाकर्मियों से उन तीन पत्रकारों की फोटो खींचने को कहा, जिन पर उन्होंने जबरदस्ती फोटो-वीडियो लेने का आरोप लगाया.
बिना मीडिया से बात किए ही चली गई अपर्णा
माहौल थोड़ा तनावपूर्ण हो गया, जिसके बाद सुरक्षा टीम ने छाते की मदद से उन्हें वहां से सुरक्षित बाहर निकाला. स्नान के बाद अपर्णा ने मीडिया से कोई बातचीत नहीं की और कैमरों से बचती हुईं नजर आईं. वे 7 सुरक्षाकर्मियों के साथ अकेले हरिद्वार पहुंची थीं, परिवार का कोई सदस्य उनके साथ नहीं था. शाम करीब 4 बजे वे गेस्ट हाउस पहुंचीं और फिर घाट पर गईं.
2022 में सपा छोड़कर भाजपा में हुई थी शामिल
अपर्णा मूल रूप से उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले की रहने वाली हैं और 2022 में सपा छोड़कर भाजपा में शामिल हुई थीं. यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब उनके पति प्रतीक यादव ने 19 जनवरी को इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर तलाक की बात कही थी और अपर्णा पर कुछ गंभीर आरोप लगाए थे. अपर्णा ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि उनके रिश्ते में सब ठीक है, लेकिन कुछ लोग राजनीतिक और सामाजिक कारणों से उन्हें निशाना बना रहे हैं.
वे इसे साजिश करार दे चुकी हैं और कहा है कि वे मानसिक रूप से मजबूत हैं तथा दबाव में नहीं आएंगी. साजिशकर्ताओं का पर्दाफाश जल्द होगा. यह पूरा मामला राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है.