चेन्नई: अम्मा मक्कल मुनेत्र कझगम (AMMK) ने तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) पर गंभीर आरोप लगाते हुए गिंडी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. AMMK का कहना है कि विजय की पार्टी ने सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए फर्जी दस्तावेज का सहारा लिया. इस पूरे मामले ने तमिलनाडु की सियासी हलचल को और तेज कर दिया है.
AMMK महासचिव टीटीवी दिनाकरन ने आरोप लगाया कि TVK ने राज्यपाल को जो पत्र सौंपा, उसमें मन्नारगुडी विधानसभा सीट से उनके पार्टी के एकमात्र विधायक एस. कामराज का समर्थन दिखाया गया था, जबकि यह पूरी तरह जाली था. दिनाकरन ने कहा कि TVK खुद को ‘पवित्र शक्ति’ बताती है, लेकिन उसने जालसाजी और दलबदल जैसे तरीकों का इस्तेमाल किया.
उन्होंने यह भी दावा किया कि विधायक कामराज इस फर्जी दस्तावेज को देखकर हैरान रह गए. शिकायत के मुताबिक, TVK ने इस फर्जी समर्थन का इस्तेमाल दलबदल विरोधी कानून को बायपास करने की कोशिश में किया. दिनाकरन शुक्रवार आधी रात को गिंडी रेंज के सहायक पुलिस आयुक्त के कार्यालय पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई FIR दर्ज नहीं हुई है. प्रारंभिक जांच के बाद ही आगे का फैसला लिया जाएगा. गौरतलब है कि इससे पहले दिनाकरन ने अन्नाद्रमुक (AIADMK) के महासचिव ई.के. पलानीस्वामी को AMMK का औपचारिक समर्थन दे दिया था.
दूसरी ओर, TVK ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है. पार्टी ने एक वीडियो जारी करके दावा किया है कि विधायक एस. कामराज ने स्वेच्छा से समर्थन पत्र पर हस्ताक्षर किए थे. TVK ने इसे ‘झूठी खबर’ करार दिया.