अमरोहा : उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में तीन सगी बहनों द्वारा एक ही युवक से विवाह करने का दावा सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. वायरल वीडियो में सरोज, सावित्री और संतोष नाम की तीन बहनें अपने कैमरामैन विकास उर्फ विक्कू के साथ मंदिर में विवाह की रस्में निभाती दिखाई दे रही हैं. बताया जा रहा है कि तीनों बहनों की उम्र 18 से 20 वर्ष के बीच है.
वीडियो के अनुसार, तीनों ने चामुंडा माता मंदिर में पूजा-अर्चना की और अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए. विकास उर्फ विक्कू ने बारी-बारी से तीनों की मांग में सिंदूर भरा, जबकि तीनों दुल्हनों ने उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया. दावा किया गया है कि यह विवाह 17 जुलाई को हुआ था और समारोह में दोनों परिवारों का कोई सदस्य मौजूद नहीं था.
इस मामले की चर्चा तब तेज हुई जब बुधवार शाम करीब 5 बजे विवाह का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. इसके बाद कुछ हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने धार्मिक स्थल पर इस तरह विवाह करने पर आपत्ति जताई. उनका कहना है कि इस प्रकार की शादी से धार्मिक परंपराओं और मर्यादाओं का उल्लंघन हुआ है.
विवाद बढ़ने पर तीनों बहनों ने एक वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा. उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी इच्छा से विवाह किया है और इसे गलत तरीके से पेश किया जा रहा है. अपने बचाव में उन्होंने पौराणिक उदाहरण देते हुए कहा कि राजा दशरथ की भी तीन रानियां थीं, तो क्या वह अपमान था.