हरियाणा विधानसभा चुनाव पर अनिल विज ने कहा- डंके की चोट पर बीजेपी चुनाव जीतने जा रही है

Global Bharat 30 Aug 2024 04:44: PM 1 Mins
हरियाणा विधानसभा चुनाव पर अनिल विज ने कहा- डंके की चोट पर बीजेपी चुनाव जीतने जा रही है

आगामी हरियाणा विधान सभा चुनाव पर बीजेपी नेता अनिल विज ने प्रतिक्रिया दी. अनिल विज ने कहा कि जो 55 नामों की लिस्ट सामने आयी है वो जीत की लिस्ट है और वो नाम देखकर आप भी कहेंगे कि डंके की चोट पर भारतीय जनता पार्टी चुनाव जीतने जा रही है. बाकी नामों का फैसला जल्द ही हो जाएगा. आगे कहा जब केंद्रीय नेतृत्व चाहेगा तब लिस्ट जारी की जाएगी लेकिन भाजपा तीसरी बार फिर जीतने जा रही है.

दरअसल, भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) ने आगामी हरियाणा विधानसभा चुनावों पर चर्चा के लिए गुरुवार को एक महत्वपूर्ण बैठक की थी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई बैठक के दौरान राज्य की सभी 90 विधानसभा सीटों पर चर्चा हुई. इनमें से 55 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम फाइनल हो चुके हैं. हालांकि, भाजपा अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा एक साथ नहीं बल्कि धीरे-धीरे करेगी.

दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में हुई बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, ओपी धनखड़, सत्य नारायण जटिया, इकबाल सिंह लालपुरा, के. लक्ष्मण, नायब सिंह सैनी, सुधा यादव, वनाथी श्रीनिवासन, अनिल विज, भूपेंद्र यादव, बिप्लब देब, सतीश पूनिया, सुरेंद्र नागर और धर्मेंद्र प्रधान समेत प्रमुख नेता शामिल हुए. इससे पहले अमित शाह समेत भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने जेपी नड्डा के आवास पर बैठक बुलाई थी, जहां उन्होंने संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की.

कोर ग्रुप की इस बैठक में धर्मेंद्र प्रधान, मनोहर लाल खट्टर, नायब सिंह सैनी और हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष शामिल थे. इससे पहले धर्मेंद्र प्रधान ने आगे की चर्चा के लिए अपने आवास पर हरियाणा भाजपा नेताओं से भी मुलाकात की थी. शेष 35 सीटों पर अंतिम फैसला आज हरियाणा कोर कमेटी और भाजपा अध्यक्ष के बीच होने वाली बैठक में लिया जाएगा. पार्टी ने चुनाव की तैयारियों के तेज होने के साथ ही उम्मीदवारों के नामों की घोषणा चरणों में करने का फैसला किया है.

बता दें कि हरियाणा विधानसभा चुनाव की 90 सीटों के लिए 1 अक्टूबर को मतदान होगा. 4 अक्टूबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे. इससे पहले मंगलवार को हरियाणा चुनाव से पहले जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने अपने गठबंधन की घोषणा की. यह गठबंधन हरियाणा की सभी 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा, जिसमें जेजेपी 70 सीटों पर और एएसपी 20 सीटों पर चुनाव लड़ेगी. हरियाणा में 1 अक्टूबर को एक ही चरण में मतदान होगा.

Recent News