Khesari Lal Yadav FIR : भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में बड़ा विवाद सामने आया है. अभिनेत्री अंजना सिंह ने लखनऊ के हजरतगंज स्थित साइबर क्राइम विंग में एफआईआर दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि उनकी और उनकी 11 वर्षीय बेटी की AI तकनीक से बनाई गई आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए जा रहे हैं. अंजना ने दावा किया कि यह एक सुनियोजित अभियान है, जिसका उद्देश्य उनकी छवि खराब करना और उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करना है.
अंजना सिंह ने आरोप लगाया कि भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल यादव की टीम से जुड़े कुछ लोग इस पूरे मामले में शामिल हैं. उन्होंने विशेष रूप से अखिलेश कश्यप का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल किया गया और उनके तथा उनकी बेटी को निशाना बनाकर गाने और आपत्तिजनक कंटेंट भी तैयार किए गए. अंजना का कहना है कि उन्हें लखनऊ न आने तक की धमकियां मिली हैं.
अभिनेत्री ने उत्तर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि AI का दुरुपयोग कर महिलाओं और बच्चों को निशाना बनाना बेहद गंभीर अपराध है और इसमें शामिल लोगों को कानून के तहत कड़ी सजा मिलनी चाहिए.
फिलहाल इस मामले में खेसारी लाल यादव या उनकी टीम की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि या खंडन हो सकेगा.