हावड़ा में पुलिस का सख्त एक्शन: एक और कुख्यात अपराधी का बनियान-अंडरवियर में सड़कों पर परेड

Amanat Ansari 28 May 2026 03:07: AM 1 Mins
हावड़ा में पुलिस का सख्त एक्शन: एक और कुख्यात अपराधी का बनियान-अंडरवियर में सड़कों पर परेड

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में सत्ता बदलने के बाद कानून-व्यवस्था को लेकर नई सरकार नई रणनीति अपना रही है. पुलिस अब इलाके के कुख्यात अपराधियों को उन्हीं इलाकों में अर्धनग्न अवस्था में घुमाकर जनता के सामने पेश कर रही है, जहां पहले इनका आतंक माना जाता था. उत्तरी हावड़ा में आकाश सिंह नाम के कुख्यात बदमाश को पुलिस ने सिर मुंडाकर सिर्फ बनियान और अंडरवियर में सड़क पर उतारा.

आकाश को स्थानीय स्तर पर 'डॉन' के नाम से जाना जाता था. गिरफ्तारी के बाद उसे उन सभी जगहों पर घुमाया गया जहां उसने कथित अपराध किए थे. जो व्यक्ति कभी लोगों को देखकर डराता था, आज उसी को बेबस और अपमानित अवस्था में देखकर इलाके के लोग हैरान रह गए. यह तस्वीर सिर्फ उत्तरी हावड़ा तक सीमित नहीं है.

दक्षिणी और मध्य हावड़ा में भी पिछले दिनों इसी तरह के कई मामले सामने आए हैं. संकराइल में शाहीन मोल्ला को भी इसी अंदाज में परेड कराया गया. उसके ऊपर एक विधायक के नाम पर उगाही का आरोप है. चौरा बस्ती में तृणमूल कांग्रेस से जुड़े शमीम अहमद उर्फ 'बड़े' को भी अर्धनग्न हालत में घुमाकर पुलिस ने दिखाया.

पुलिस इसे अपना 'संदेश अभियान' बता रही है. इसका उद्देश्य अपराधियों के मन में भय पैदा करना और आम नागरिकों के मन से पुलिस व व्यवस्था के प्रति डर को दूर करना है. नई सरकार इस तरह के अनोखे प्रयोगों के जरिए अपराध पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था की स्थिति सुधारने का दावा कर रही है.

Bengal BJP West Bengal Criminals Criminals parade Howrah police criminals parade

Recent News