कोलकाता: पश्चिम बंगाल में BJP विधायक सुदीप्ता दास ने एक नया विवाद खड़ा कर दिया है. बीजेपी विधायक ने ‘झटका’ मटन बेचने वाली दुकानों को 10 हजार रुपए नकद इनाम देने का ऐलान किया है. उनका कहना है कि बाजार में केवल हलाल मांस का विकल्प नहीं, बल्कि झटका मांस का भी विकल्प उपलब्ध होना चाहिए.
बीजेपी विधायक सुदीप्ता दास ने कहा कि झटका मांस बेचने वाले दुकानदारों को प्रोत्साहित करने के लिए यह इनाम दिया जाएगा. उन्होंने इस कदम को उपभोक्ताओं के अधिकार और विकल्प की उपलब्धता से जोड़ा है. यह ऐलान पश्चिम बंगाल की सियासी और सांप्रदायिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है. सुदीप्ता दास बीजेपुर सीट से विधायक हैं.
विपक्षी दलों ने इस घोषणा पर तीखी प्रतिक्रिया जताते हुए इसे सांप्रदायिक रंग देने का आरोप लगाया है, जबकि BJP समर्थक इसे उपभोक्ता अधिकार और विविधता का मुद्दा बता रहे हैं. यह घटना पश्चिम बंगाल में हलाल बनाम झटका विवाद को एक बार फिर से गरमा देने वाली है.