बिहार विधानसभा में भारी हंगामे के बीच एंटी पेपर लीक विधेयक पास हो गया है. इस दौरान महागठबंधन के विधायकों ने हंगामे के बाद सदन से वॉक आउट कर दिया. बता दें कि पहले हंगामा को देखते हुए सदन की कार्यवाही 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई थी, लेकिन कार्यवाही शुरू होते ही एंटी पेपर लीक विधेयक को पास कर दिया गया.
इस बिल के पास होने से अब पेपर लीक करने वाले आरोपियों पर नॉन बेलेवल धाराएं लगाई जाएंगी. कानून के तहत दोषी पाए जाने पर 3 से लेकर 10 साल तक की सजा और 1 लाख रुपए से लेक 10 लाख रुपए तक जुर्माने का प्रवाधान किया गया है. यह कानून बिहार सरकार की ओर से ली जाने वाली सभी परिक्षाओं पर लागू होगा. बता दें कि सदन में विधेयक पास होने से पहले लंबी चर्चा भी हुई.
इस दौरान कहा गया है कि परीक्षा में धांधली को रोकने के लिए सख्त कानून बनाया जाएगा. कहा गया कि नीट परीक्षा में जो धांधली हुई, उसे लेकर केंद्र सरकार ने भी कड़े कदम उठाए हैं, लेकिन यहां विपक्ष के नेता सदन से बाहर चले गए.
बता दें कि सदन में राजद विधायक रेखा कुमारी को नीतीश कुमार के द्वारा डांटने को लेकर विपक्षी विधायकों ने जमकर हंगामा किया. राजद विधायक ने कहा कि नीतीश कुमार महिला विरोधी हैं. विधायक रेखा कुमारी ने कहा कि वह विधायक जरूर बन गईं हैं, लेकिन उन्हें अभी तक अधिकार नहीं मिला है.
इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जबरदस्त रूप से भड़कते हुए देखा गया, जिसका वीडियो अब वायरल हो रहा है. बुधवार को विधानसभा में जातीय जनगणना पर चर्चा चल रही थी. तभी विपक्ष ने हंगामा करना शुरू कर दिया. कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष के कई नेता वेल में आकर प्रदर्शन करने लगे. ये नेता 65 प्रतिशत आरक्षण को संविधान की नौवीं सूची में शामिल करने की मांग कर रहे थे.