वाराणसी: आमतौर पर एंटी रोमियो स्क्वॉड महिलाओं की सुरक्षा के लिए सक्रिय रहती है, लेकिन वाराणसी में एक अनोखा मामला सामने आया है. यहां कैंट रेलवे स्टेशन क्षेत्र में दो लड़कियों को पुरुषों से छेड़छाड़, अश्लील इशारे और अभद्र टिप्पणियां करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया.
शुक्रवार शाम करीब 5 बजे कैंट स्टेशन के बाहर चौकाघाट-लहरतारा फ्लाईओवर के नीचे दो युवतियां राह चलते पुरुषों पर अश्लील कमेंट्स और इशारे कर रही थीं. स्थानीय लोगों की शिकायत पर सिगरा थाने की एंटी रोमियो स्क्वॉड तुरंत मौके पर पहुंची. दोनों लड़कियों ने अपना चेहरा ढका हुआ था. टीम ने उन्हें हिरासत में ले लिया.
पुलिस पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपी बिहार की रहने वाली हैं. सिगरा थाने में दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 के तहत मामला दर्ज किया गया. शनिवार को उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया. सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी तरह की अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
एंटी रोमियो स्क्वॉड का अभियान आगे भी जारी रहेगा और शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. यह मामला इसलिए चर्चा में है क्योंकि एंटी रोमियो स्क्वॉड की कार्रवाई आमतौर पर महिलाओं के खिलाफ छेड़छाड़ के मामलों में होती है, लेकिन यहां भूमिका उलट गई.