गाजियाबाद : दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन में शामिल होने जा रहे दो छात्रों के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आने के बाद सियासी और सोशल मीडिया पर विवाद तेज हो गया है. वायरल वीडियो में गाजियाबाद निवासी हिंदूवादी नेता बताए जा रहे सत्यम पंडित दो छात्रों से बहस करते और उन्हें थप्पड़ मारते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग उठ रही है.
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, छात्रों का दावा है कि वे जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे थे. इसी दौरान सत्यम पंडित से उनकी कहासुनी हुई, जो कथित तौर पर हाथापाई में बदल गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है और कई राजनीतिक नेताओं ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी है.
रिपोर्टों के मुताबिक, सत्यम पंडित खुद को राष्ट्र हिंदू वीर सेना का राष्ट्रीय अध्यक्ष बताते हैं. उनकी सोशल मीडिया प्रोफाइल में भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े होने का भी उल्लेख बताया गया है, हालांकि इन दावों की पुष्टि नहीं हुई है.
यह पहला मौका नहीं है जब सत्यम पंडित विवादों में आए हों. इसी वर्ष फरवरी में उनका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उन पर गाजियाबाद में एक मुस्लिम मीट दुकानदार को कथित तौर पर धमकाने का आरोप लगा था। उस मामले में पुलिस ने कार्रवाई भी की थी.
फिलहाल इस ताजा मारपीट मामले को लेकर सोशल मीडिया पर आरोपी की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है. हालांकि, इस मामले में पुलिस की ओर से क्या कार्रवाई की गई है, इस पर आधिकारिक और विस्तृत जानकारी का इंतजार है.