नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) के संसद मार्च के दौरान हुई हिंसा को लेकर दिल्ली पुलिस ने कर्तव्य पथ थाने में FIR दर्ज कर ली है. FIR में प्रदर्शनकारियों पर भड़काऊ नारेबाजी, बैरिकेड तोड़ने, पुलिस पर हमला, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और हत्या की कोशिश के गंभीर आरोप लगाए गए हैं.
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को जंतर-मंतर से हजारों प्रदर्शनकारियों की भीड़ रफी मार्ग की ओर बढ़ी और संसद की तरफ जाने वाली सड़क पर जमा हो गई. मार्च की अनुमति नहीं होने के बावजूद भीड़ आगे बढ़ने लगी. लाउडस्पीकर पर बार-बार दी जा रही चेतावनी को नजरअंदाज कर भड़काऊ नारे लगाए गए और भाषण दिए गए.
भीड़ ने बैरिकेड तोड़कर संसद भवन की ओर घुसने की कोशिश की. जब पुलिस ने रोका तो प्रदर्शनकारियों ने पत्थर, चप्पलें फेंकी और पुलिसकर्मियों को घेर लिया. कई जवान घायल हो गए. संवेदनशील इलाका होने और संसद समेत महत्वपूर्ण इमारतों की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले इस्तेमाल करने पड़े.
FIR में BNS की कई धाराएं लगाई गई हैं, जिनमें हत्या की कोशिश (109(1)), दंगा, सरकारी कर्मचारी पर हमला, गैर-कानूनी भीड़ जमा करना और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी धाराएं शामिल हैं. यह FIR CJP के आंदोलन को लेकर पुलिस की सख्ती को दर्शाती है, जबकि प्रदर्शनकारी शांतिपूर्ण होने का दावा कर रहे हैं.