रांची: झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं व भ्रष्टाचार के खिलाफ छात्रों का आंदोलन तेज हो गया है. खुफिया विभाग (स्पेशल ब्रांच) ने 6 अगस्त को विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन छात्रों द्वारा विधानसभा घेराव की आशंका जताते हुए सभी जिलों को हाई अलर्ट जारी कर दिया है.
सूत्रों के अनुसार, आंदोलनरत छात्र पूरे राज्य से सड़क और रेल मार्ग से रांची पहुंचकर घेराव कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं. विशेष शाखा ने सभी उपायुक्तों, एसएसपी-एसपी और जिला पुलिस प्रमुखों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं.
छात्र अपनी मांगों को लेकर 25 जुलाई से मोरहाबादी के बापू वाटिका में अनिश्चितकालीन सत्याग्रह कर रहे हैं. वे समय पर छात्रवृत्ति नहीं मिलने, परीक्षाओं में पारदर्शिता की कमी और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे हैं.
29 जुलाई को छात्रों ने बापू वाटिका से अलबर्ट एक्का चौक तक पैदल मार्च निकाला, जबकि 30 जुलाई को आजसू छात्र संघ के बैनर तले भारी संख्या में छात्र लोक भवन तक पदयात्रा पर निकले. खुफिया एजेंसी ने प्रशासन को प्रशासनिक सतर्कता, निगरानी और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है. यह आंदोलन दिल्ली के CJP प्रदर्शन की तर्ज पर बढ़ता नजर आ रहा है, जिसके चलते सरकार और प्रशासन सतर्क हो गए हैं.