चंदौली: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में एक अनोखी घटना ने सबको चौंका दिया है. पत्नी के प्रेमी के साथ भाग जाने के चार महीने बाद पति ने खुद उसकी प्रेमी से शादी करवा दी. दिल्ली में वेल्डर का काम करने वाले जीवनाथ राजभर की पत्नी सरिता (45) चंदौली में तीन बच्चों के साथ रहती थी. पति की अनुपस्थिति में सरिता की मुलाकात ट्रेन में मूंगफली बेचने वाले अजय (उसके करीब आधे उम्र) से हुई और दोनों के बीच प्रेम हो गया.
जब जीवनाथ को इस संबंध का पता चला तो उन्होंने विरोध किया, लेकिन सरिता अजय के साथ भाग गई. काफी कोशिशों के बावजूद पत्नी को ढूंढने में सफलता नहीं मिली. कुछ दिन पहले जीवनाथ ने स्थानीय रेलवे स्टेशन पर अचानक सरिता और अजय को देख लिया. सरिता से घर लौटने की अपील करने पर वह अजय के साथ रहने पर अड़ी रही.
तब जीवनाथ ने फैसला किया कि अगर वह वापस नहीं आना चाहती तो उसकी खुशी के लिए शादी करवा दें. उन्होंने दोनों को विवाह पंजीयन कार्यालय ले जाकर अपनी मौजूदगी में सरिता और अजय की शादी करवा दी. जीवनाथ ने कहा, "मैं चाहता था कि वह मेरे साथ रहे, लेकिन अगर वह नहीं चाहती तो क्या कर सकते हैं."
सरिता ने आरोप लगाया कि पति घरेलू खर्च के लिए पर्याप्त पैसे नहीं भेजते थे और दोनों में अक्सर झगड़ा होता था. यह घटना सामाजिक स्तर पर चर्चा का विषय बन गई है, जहां एक पति ने पत्नी की खुशी के लिए ऐसा अनोखा कदम उठाया.