बीजेपी सांसद नवनीत राणा के बयान पर हैदराबाद का सियासी पारा चढ़ गया है. इसी बीच AIMIM के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भी नवनीत राणा पर पलटवार किया है. ओवैसी ने नवनीत राणा के 15 सेकेंड के लिए पुलिस हटाने वाले बयान पर कहा कि उन्हें 15 सेकेंड की जगह एक घंटा दीजिए.
ओवैसी ने कहा कि आप क्या करेंगे? चाहे 15 सेकंड दीजिए, चाहे 1 घंटा, हम भी देखना चाहते हैं कि आपमें थोड़ी भी इंसानियत बची है या नहीं. ओवैसी ने कहा कि उन्हें कौन रोक रहा है. ओवैसी ने कहा कि हमें बताओ कि हमें कहां आना है और क्या करना है.
दरअसल, इनन दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह कह रही हैं कि 15 मिनट नहीं 15 सेकेंड के लिए पुलिस हटा लो, ओवैसी भाइयों को पता भी नहीं चलेगा कि कहां से आए हैं और कहां गए.
ज्ञात रहे कि कुछ साल पहले असदुद्दीन ओवैसी के भाई अकबरुद्दीन औवेसी ने बयान दिया था कि सिर्फ 15 मिनट के लिए पुलिस हटा लो, फिर देखो क्या होता है. उसी बयान को लेकर अब नवनीत राणा ने 15 सेकेंड वाला बयान दिया है, जिससे सोशल मीडिया पर एक नया बखेड़ा खड़ा हो गया है और लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.
बीजेपी सांसद ने नवनीत राणा ने हैदराबाद में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि असदुद्दीन ओवैसी का एक छोटा भाई है अकबरुद्दीन औवेसी, जिसने कहा था कि 15 मिनट के लिए पुलिस हटा लो, फिर देखो हम क्या कर सकते हैं. अब छोटे को मैं यही कहूंगी कि तेरे को 15 मिनट लगेंगे छोटे और हमको सिर्फ 15 सेकेंड लगेंगे.
उन्होंने कहा कि अगर 15 सेकेंड के लिए ही पुलिस को हटा ले तो पता ही नहीं चलेगा कि कहां से आया और कहां को गया. नवनीत राणा ने कहा कि हमें सिर्फ 15 सेकेंड ही लगेंगे अगर एक मंच पर आ गए तो.