नई दिल्ली: बिहार में एक और पुलिसकर्मी की हत्या कर दी गई है. पूरा मामला होली पर विवाद से जुड़ा है, जहां विवाद को सुलझाने गए पुलिसकर्मियों पर अपराधियों ने हमला कर दिया. इसमें असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर की मौत हो गई. घटना मुंगेर जिला के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत नन्दलालपुर गांव की बताई जा रही है. मृतक की पहचान ASI संतोष कुमार के रूप में की गई है. एएसआई संतोष यहां एक साल से तैनात थे.
मीडिया रिपोर्ट्स से जानकारी मिली है कि शुक्रवार रात आठ बजे सूचना मिली कि आईटीसी नंदलालपुर के पास दो पक्ष आपस में लड़ाई कर रहे थे. इसी दौरान ASI संतोष कुमार टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और दोनों पक्ष को समझाने की कोशिश की, लेकिन उनमें से एक पक्ष के लोगों ने धारदार हथियार से पुलिस टीम पर हमला कर दिया.
एएसआई संतोष सिंह के सिर पर भी धारदार हथियार से वार किया गया, जिससे वह बेहोश हो गए. सहयोगियों ने उन्हें स्थानीय सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर कर दिया गया. हालांकि रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. वहीं घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप की स्थिति उत्पन्न हो गई. सैकड़ों की संख्या में पुलिस ने इलाके को घरे लिया और सर्च अभियान चलाया.
सदर एसडीपीओ अभिषेक आनंद ने जानकारी दी है कि डायल 112 पर सूचना मिली थी. इसी मामले को सुलझाने के लिए एएसआई संतोष कुमार गए थे. इस दौरान एक पक्ष में शामिल एक शख्स ने तेज धार हथियार से उनके सर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई. बता दें कि इससे पहले बिहार के अररिया में एक पुलिसकर्मी की पीट-पीट कर जान ले ली थी और बदमाशों ने गिरफ्तार आरोपी को भी छुड़ा लिया था.
उधर संतोष कुमार सिंह की हत्या मामले में मुख्य आरोपी की पुलिस के साथ मुठभेड़ हो गई. पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उसपर गोली चलाई, जिसमें आरोपी आरोपी गुड्डू यादव घायल हो गया है. मुठभेड़ को लेकर जानकारी मिली है कि आरोपी गुड्डू एक जवान का राइफल छीन कर पुलिस पर ही तान दिया था. बचाव में पुलिसकर्मियों को आरोपी का एनकाउंटर करना पड़ा. गोली उसके पैर में लगी है.