ASI ने TI के सामने फाड़ दी अपनी वर्दी, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप

Global Bharat 16 Sep 2024 04:45: PM 1 Mins
ASI ने TI के सामने फाड़ दी अपनी वर्दी, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप

मध्य प्रदेश के सिंगरौली से ASI के द्वारा TI के सामने ही खुद की वर्दी फाड़ने का मामला सामने आया है. हालांकि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो 7 महीने पुराना है, लेकिन स्थानीय कांग्रेस के द्वारा मामला उठाए जाने के बाद अब इस पर जमकर राजनीति शुरू हो गई है. दरअसल, जिले के कोतवाली थाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी के साथ वायरल हो रहा है, जिसमें पार्षद पति अर्जुन गुप्ता और पुलिसकर्मी के बीच बहस हो रही है.

वीडियो में पार्षद पति अर्जुन गुप्ता कोतवाली थाने के प्रभारी निरीक्षक (TI) के ऑफिस में ही सहायक उप निरीक्षक (ASI) विनोद मिश्रा को वर्दी उतरवाने की धमकी दे रहे हैं. विवाद के दौरान ASI विनोद मिश्रा ने खुद ही अपनी वर्दी उतार दी. इस दौरान ASI की वर्दी फट गई. वहीं मौके पर मौजूद लोगों ने बीच बचाव कराया और मामले को शांत कराया, लेकिन दोनों ओर से आरोप-प्रत्यारोप जारी थे.

मीडिया रिपोर्ट्स से जानकारी मिली है कि पार्षद पति अर्जुन गुप्ता किसी मुद्दे को लेकर ASI मिश्रा से नाराज थे. इसी वजह से वह एएसआई की शिकायत लेकर TI कार्यालय पहुंचे थे. इस दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि पार्षद पति ने ASI को वर्दी उतारवाने की धमकी दे दी. इसी बीच ASI मिश्रा ने तुरंत ही अपनी वर्दी उतारकर फेंक दी, जिससे उनकी वर्दी फट गई. वहां मौजूद लोगों ने उनको रोका भी, लेकिन वे नहीं माने.

विवाद उस समय तो थम गई थी, लेकिन अब वायरल हो रहे सीसीटीवी फुटेज ने मामले को दोबारा सुर्खियों में ला दिया है और पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है. इसी बीच एमपी कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर वीडियो शेयर कर मामले को और गरम दिया है.

कांग्रेस ने एक्स पर लिखा कि यह सत्ता की हनक है, BJP के पार्षद की धमक देखिए, एक वर्दीधारी को अपनी वर्दी फाड़ना पड़ गई. मध्य प्रदेश में पुलिसिंग का स्तर जीरो हो गया है, अपराध अनियंत्रित है, अपराधी बेख़ौफ़ और पुलिस कहीं लाचार तो कहीं दबाब में है.

Recent News