हिमंता पर राहुल गांधी का पलटवार, बोले- ''देश के सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री को जेल जाना पडे़गा''

Amanat Ansari 05 Apr 2026 03:45: PM 1 Mins
हिमंता पर राहुल गांधी का पलटवार, बोले- ''देश के सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री को जेल जाना पडे़गा''

Assam Assembly Elections: राहुल गांधी रविवार को असम के विश्वनाथ जिले में पहुंचे. वहां उन्होंने एक चुनावी सभा को संबोधित किया और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा पर तीखा हमला बोला. राहुल ने हिमंता बिस्वा सरमा को देश का सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री बताया. उन्होंने कहा कि सरमा लगातार नफरत भरे बयान दे रहे हैं, जो उनकी हताशा को साफ दिखाता है.

राहुल का आरोप था कि उन्हें अपनी हार पहले से ही नजर आ रही है. राहुल गांधी ने आगे कहा कि हिमंता बिस्वा सरमा को यह अच्छी तरह पता चल चुका है कि कांग्रेस के बब्बर शेर उन्हें जेल भेजने वाले हैं. जब कांग्रेस की सरकार बनेगी और कानून अपनी सही भूमिका निभाएगा, तब उन्हें असम की जनता और कांग्रेस नेताओं से माफी मांगनी पड़ेगी.

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हिमंता ने असम के संसाधनों की लूट की है और अपने करीबियों को फायदा पहुंचाया है. जानकारों का मानना है कि राहुल गांधी जब बब्बर शेर कह रहे थे, तो उनका इशारा असम कांग्रेस के नेता गौरव गोगोई की तरफ था. गौरव गोगोई इस समय पार्टी के लिए जोर-शोर से प्रचार कर रहे हैं और मुख्यमंत्री के खिलाफ खुलकर बोल रहे हैं.

सभा के अंत में राहुल गांधी ने दावा किया कि असम में इस वक्त कोई लहर नहीं, बल्कि आंधी चल रही है. कांग्रेस नेता इमरान प्रतापगढ़ी ने भी बीजेपी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि भाजपा के अंदर सिर फुटौवल चल रही है, भले ही मीडिया में दिखाई न दे. बता दें कि कल ही हिमंता बिस्वा सरमा ने भी कांग्रेस पर तीखा हमला बोला था.

हिमंता बिस्वा सरमा की बौखलाहट से साफ है कि वे घबराए हुए हैं. इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि हिमंता बिस्वा सरमा ने इतना भ्रष्टाचार किया है कि सरकार बदलते ही उन्हें भ्रष्टाचार के मामलों में जेल जाना पड़ सकता है. उन्होंने हिमंता की राजनीति को नफरत और भ्रष्टाचार की राजनीति बताया, जबकि गौरव गोगोई को असम का गौरव करार दिया.

Assam Assembly Elections Rahul Gandhi Himanta Biswa Sarma Assam CM Assam News

Recent News